Kangana Ranaut Hits Back At Trolls: अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर अपनी फिल्मों के दृश्यों का इस्तेमाल कर उनकी आलोचना करने वालों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि फिल्मों के दृश्य और वास्तविक जीवन की परिस्थितियां अलग होती हैं तथा इस तरह की तुलना कर युवाओं को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए।
कंगना पिछले कुछ दिनों से अपनी एक टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने कथित तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए Gen-Z को ‘गटर वाली पीढ़ी’ बताया था और प्रदर्शन से जुड़े वीडियो को उल्टी लाने वाला कहा था.
फिल्मों की क्लिप शेयर कर की आलोचना
कंगना की इस टिप्पणी के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स उपयोगकर्ताओं ने उनकी फिल्मों और सार्वजनिक कार्यक्रमों की वीडियो क्लिप साझा करते हुए उनकी आलोचना की. इसके जवाब में कंगना ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी बात रखी. उन्होंने लिखा, “आप मेरी फिल्मों के उन दृश्यों का इस्तेमाल करना चाहते हैं, जिनमें अभिनय करने के लिए मुझे करोड़ों रुपये मिलते हैं. आप उन बड़े मनोरंजन कार्यक्रमों की झलकियां दिखाना चाहते हैं, जहां मैं अपनी पूरी टीम, आयोजकों और सुरक्षा व्यवस्था के बीच होती हूं. क्या इन सबका इस्तेमाल करके आप संवेदनशील किशोरों को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि वे भी सड़क, स्कूल या छोटे क्लबों में वैसा ही व्यवहार कर सकते हैं? क्या दोनों स्थितियां एक जैसी हैं?’
“युवाओं को गुमराह न करें”
कंगना ने आगे कहा कि फिल्मों और वास्तविक जीवन के बीच अंतर समझना जरूरी है. उन्होंने लिखा, ‘युवाओं को गुमराह न करें. ये दोनों बातें बिल्कुल अलग हैं. आज आप दूसरों के बच्चों को गुमराह कर रहे हैं, कल आपके अपने बच्चे भी इसका शिकार होंगे.’
पहले भी की थी विवादित टिप्पणी
इससे पहले हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद कंगना रनौत ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उसे ‘गंदगी भरा, कचरा और भद्दापन’ बताया था. इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उनकी आलोचना हुई थी और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई थी.
ये भी पढ़ें: ‘PM मोदी के हर बड़े राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसले के पीछे अजीत डोभाल’, अमित शाह ने NSA की जमकर की तारीफ



