जोधपुर। करीब 10 महीने के इंतजार के बाद शुक्रवार को जोधपुर को नया महापौर मिलने जा रहा है। महापौर पद के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर निगम कार्यालय में मतदान होगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी और महापौर के नाम की घोषणा होगी। नगर निगम के 100 नव निर्वाचित पार्षद नगर निगम कार्यालय परिसर की तीसरी मंजिल स्थित सभा भवन में बैलेट पेपर के जरिए मतदान करेंगे। महापौर चुनाव को लेकर नगर निगम कार्यालय और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान केंद्र और उसके आसपास पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के बाहर बैरिकेडिंग की गई है। नगर निगम कार्यालय से मतदान केंद्र तक पार्षदों की आवाजाही के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। महापौर पद के लिए मतदान को लेकर पार्षदों के नगर निगम कार्यालय पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के अलावा निर्दलीय पार्षद भी मतदान के लिए पहुंचे। आरएलपी पार्षद मोहम्मद इरफान भी निगम कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस पार्षद ने व्यवस्था पर जताई नाराजगी
कांग्रेस पार्षद प्रदीप गांग मतदान करने के बाद सबसे पहले बाहर आए। उन्होंने बताया कि वोट डालने के तुरंत बाद उन्हें बाहर भेज दिया गया। उन्होंने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि जब सभी पार्षदों के बैठने की व्यवस्था की गई है तो उन्हें बाहर क्यों भेजा गया। इसी दौरान भाजपा पार्षदों को बाहर भेजे जाने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने निगम का गेट खुलवाकर पार्षदों को दोबारा अंदर बुलाया। भाजपा पार्षदों के वापस निगम परिसर में जाने पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताया। कांग्रेस पार्षदों का कहना था कि जब मतदान के बाद उन्हें बाहर भेज दिया गया, तो भाजपा पार्षदों को वापस अंदर क्यों जाने दिया गया।
कांग्रेस पार्षदों की बस को पुलिस ने रोका
कांग्रेस पार्षदों की बस जब मतदान के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंच रही थी, तभी पुलिस ने उसे रोक लिया। बस रोके जाने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध जताया। विरोध के बाद बस को मतदान के लिए आगे जाने दिया गया।
नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा करीबी मुकाबला
जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों के लिए 11 सितम्बर को मतदान हुआ था। 14 सितम्बर को 99 वार्डों के परिणाम घोषित किए गए, जबकि वार्ड संख्या 50 की मतगणना 17 सितम्बर को पूरी हुई। चुनाव परिणाम में भाजपा ने 45 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के 44 पार्षद निर्वाचित हुए। इसके अलावा एक आरएलपी और 10 निर्दलीय पार्षदों ने जीत हासिल की। भाजपा की ओर से 10 निर्दलीय पार्षदों में से सात के समर्थन का दावा किया गया था। वहीं, एक आरएलपी और तीन निर्दलीय पार्षदों के कांग्रेस खेमे में होने का दावा किया जा रहा है। महापौर पद के लिए भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षद प्रसन्नचन्द मेहता और कांग्रेस के हाइब्रिड प्रत्याशी के रूप में वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह सोलंकी ने 19 फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किए थे। अब शुक्रवार को मतदान और मतगणना के बाद जोधपुर के नए महापौर के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।



