जयपुर। जयपुर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना भवानी निकेतन परिसर में जारी है। मतगणना के बीच जिला परिषद से बड़ा उलटफेर सामने आया है। मौजूदा जिला प्रमुख रमा चोपड़ा और उप जिला प्रमुख मोहन डागर दोनों ही अपना चुनाव हार गए हैं। वहीं, पंचायत समितियों के नतीजों में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है।
रमा चोपड़ा को सुनील कुमावत ने हराया
जिला परिषद के वार्ड नंबर 18 से जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को कांग्रेस के सुनील कुमावत ने चुनाव हरा दिया। वहीं, उप जिला प्रमुख मोहन डागर को भी हार का सामना करना पड़ा है। दोनों प्रमुख पदों पर रहे नेताओं की हार को जयपुर जिला परिषद चुनाव का बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
9 पंचायत समितियों में BJP का खाता नहीं खुला
पंचायत समिति चुनावों की मतगणना में कांग्रेस कई जगह आगे चल रही है। अब तक दूदू, जोबनेर, मौजमाबाद, अमरसर, शाहपुरा, फागी, आंधी, जमवारामगढ़ और तूंगा की 9 पंचायत समितियों में बीजेपी का खाता नहीं खुला है। आंधी पंचायत समिति में 6 वार्डों के नतीजे सामने आए हैं और सभी 6 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वहीं, जमवारामगढ़ में कांग्रेस ने 5 वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि एक वार्ड में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने जीत दर्ज की है।
EVM खराब होने से दो वार्डों के नतीजे रोके
मतगणना के दौरान जिला परिषद के वार्ड नंबर 13 और पंचायत समिति शाहपुरा के वार्ड नंबर 6 की EVM में खराबी आने के कारण दोनों वार्डों के नतीजे रोक दिए गए हैं। इन वार्डों के परिणाम बाद में जारी किए जाएंगे।
57 वार्डों की मतगणना के लिए 98 टेबल लगाई
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद सदस्यों के वोटों की गिनती के लिए कुल 5 कमरे निर्धारित किए गए हैं। जिला परिषद के सभी 57 वार्डों की मतगणना के लिए 98 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना जारी रहने के साथ ही जयपुर की जिला परिषद और पंचायत समितियों में चुनावी तस्वीर साफ होती जा रही है।



