जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत जयपुर पुलिस की कमिश्नरेट स्पेशल टीम (CST) ने डॉग स्क्वायड की मदद से शहर के करीब 50 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। अलग-अलग कार्रवाई में 11 किलोग्राम से अधिक गांजा, गांजे की 40 पुड़िया और सात पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा हैरियर कार भी जब्त की है।
बिहार से गांजा लाकर जयपुर में सप्लाई करने का आरोप
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के मुताबिक, एनडीपीएस यूनिट से प्रताप नगर थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद CST ने कार्रवाई करते हुए शाहनवाज नाम के 23 वर्षीय युवक के कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से बिहार के भगवानपुर का निवासी है और जयपुर के प्रताप नगर इलाके में ओम शिव रेजिडेंसी में किराए पर रहता है।
स्थानीय ड्रग पैडलर्स के जरिए सप्लाई की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी कथित तौर पर बिहार से गांजा लाकर जयपुर में स्थानीय ड्रग पैडलर्स के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी और जब्त गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए प्रताप नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
बगरू में कार से मिली सात पेटी शराब
पुलिस की दूसरी कार्रवाई बगरू क्षेत्र में हुई। यहां CST ने एक कार से पांच पेटी अंग्रेजी शराब और दो पेटी देशी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शराब को चुनाव में वितरण के लिए ले जाने की बात सामने आई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा हैरियर कार को भी जब्त किया गया। पुलिस ने चालक ललित चौधरी (33), निवासी गंगाती कलां, जयपुर ग्रामीण, को दस्तयाब किया। आरोपी चालक, शराब और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए बगरू थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
विद्याधर नगर में महिला के पास मिली गांजे की 40 पुड़िया
विद्याधर नगर क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई की। यहां पिंटू सांसी (40) नाम की महिला के कब्जे से गांजे की 40 पुड़िया बरामद की गईं। महिला जेडीए कच्ची बस्ती की निवासी बताई गई है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जब्त सामग्री सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विद्याधर नगर थाना पुलिस को सौंप दिया है।
50 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी
जयपुर पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। अभियान के दौरान डॉग स्क्वायड की मदद से शहर के लगभग 50 संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। गांजा सप्लाई नेटवर्क और शराब के मामले में आगे की जांच संबंधित थानों की ओर से की जाएगी।



