जयपुर मेयर चुनाव को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। नाम वापसी के आखिरी दिन निर्दलीय प्रत्याशी सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अब मेयर पद के लिए कांग्रेस की सुनीता मावर और भाजपा के सुनील कोठारी के बीच मुकाबला होगा। जयपुर नगर निगम मेयर पद के लिए 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान खत्म होते ही मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने कांग्रेस प्रत्याशी के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान दोनों के नामांकन वैध पाए गए थे। हालांकि, नाम वापसी की अंतिम तारीख पर दोनों ने चुनावी मैदान से अपना नाम वापस ले लिया।
26 सितंबर को डिप्टी मेयर का चुनाव
मेयर चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के अगले दिन 26 सितंबर को डिप्टी मेयर का निर्वाचन होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, इसी दिन नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 10 बजे अधिसूचना जारी होने के बाद शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।



