Crime News: राजधानी जयपुर में हनीट्रैप के जरिए एक वकील को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. महिला पर आरोप है कि उसने पहले इमोशनल ब्लैकमेल कर वकील से नजदीकियां बढ़ाईं, फिर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और बदले में 2.50 लाख रुपये की मांग की. इस संबंध में पीड़ित अधिवक्ता ने मुरलीपुरा थाने में आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
एक कार्यक्रम से शुरू हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार, नाहरगढ़ इलाके में रहने वाले 46 वर्षीय वकील ने अपनी शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में एक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात महिला से हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और महिला ने धीरे-धीरे उससे नजदीकियां बढ़ा लीं. शिकायत के मुताबिक इसके बाद दोनों की कई कार्यक्रमों में मुलाकात होती रही और उनका संपर्क बढ़ता गया. महिला उससे अक्सर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए बातचीत करती थी. इसी दौरान उसने वकील से पसंद होने की बात कहकर दोस्ती का प्रस्ताव रखा और मिलने का दबाव बनाने लगी.
इमोशनल ब्लैकमेल कर बनाए शारीरिक संबंध
नवंबर 2025 में महिला ने तीन दिन के लिए बाहर घूमने चलने की बात कही. जब वकील इसके लिए तैयार हुआ तो महिला ने जयपुर से बाहर एक धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था करवाई. पुलिस के अनुसार वहां ठहरने के दौरान महिला ने उसे जबरन शराब पिलाई और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की. मना करने पर उसने इमोशनल ब्लैकमेल कर संबंध बनाए और कथित तौर पर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
वकील ने बात करना किया बंद तो ब्लैकमेल करना शुरू
इसके बाद जब वकील ने महिला से बातचीत बंद करने की कोशिश की तो उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने वीडियो डिलीट करने के बदले 2.50 लाख रुपये की मांग की. लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: खेजड़ी संरक्षण के लिए कानून बनाने की दिशा में बड़ा कदम, सरकार ने 6 सदस्यीय कमेटी का किया गठन




