जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी भवन में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागज़ी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र हितों, शिक्षा व्यवस्था और विभिन्न समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। सभागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली।
राहुल गांधी छात्रों की आवाज उठा रहे हैं: डोटासरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशभर में छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के हितों को लेकर गंभीर हैं और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठा रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान के लिए यह गौरव की बात है कि छात्रों के मुद्दों पर शुरू की गई इस मुहिम की शुरुआत राहुल गांधी ने राजस्थान से की है।

किरोड़ी लाल मीणा पर बोला हमला
अपने संबोधन में डोटासरा ने कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब पूरे प्रदेश ने उनके मामलों को देख लिया है तो अब वे लोगों का ध्यान भटकाने के लिए दूसरे नेताओं पर आरोप लगा रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि राजनीतिक आरोपों के जरिए जनता का ध्यान मूल मुद्दों से नहीं हटाया जा सकता।
NEET पेपर लीक को लेकर सरकार पर साधा निशाना
जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने अपने संबोधन में राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि NEET परीक्षा से जुड़े विवादों और शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही समस्याओं के कारण युवाओं में निराशा बढ़ी है। सुनील शर्मा ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों की आवाज उठाती रहेगी और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
एजेंसियों के दुरुपयोग का लगाया आरोप
सुनील शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने के लिए विभिन्न जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विपक्षी नेताओं को राजनीतिक कारणों से परेशान किया गया तो कांग्रेस इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
यह खबर भी पढ़ें:-CM Bhajanlal Sharma ने सांगानेर को दी 631 करोड़ की विकास सौगात, 700 परिवारों को मिले पट्टे
खाचरियावास ने भी सरकार को घेरा
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि सरकार को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने कामकाज की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया गया तो पार्टी इसका मजबूती से जवाब देगी।
कई नेताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम को विधायक अमीन कागज़ी, पूर्व विधायक गंगादेवी, आर.आर. तिवारी, अर्चना शर्मा, विक्रम सिंह शेखावत, रघुवीर सिंह और पुष्पेन्द्र भारद्वाज सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने छात्र हितों, रोजगार, शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
राहुल गांधी का भाषण भी दिखाया गया
कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कोटा में दिया गया संबोधन बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। कार्यकर्ताओं ने भाषण को ध्यानपूर्वक सुना और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी।



