Tuesday, July 14, 2026
HomeLatest Newsहोर्मुज में 2 टैंकरों पर हमला, 1 भारतीय की मौत, अमेरिका ने...

होर्मुज में 2 टैंकरों पर हमला, 1 भारतीय की मौत, अमेरिका ने भी फिर की एयर स्ट्राइक

Iran US War: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जबकि ईरान ने दो यूएई से जुड़े तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला किया। इस हमले में एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक घायल हुए।

Iran US War: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गंभीर रूप लेता दिखाई दे रहा है. इस बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से जुड़े दो तेल टैंकरों-‘मोम्बासा’और ‘अल बहियाह’ पर मिसाइल हमला किया.

यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 6 भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक घायल हुए है. हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई थी, जिसे बाद में बुझा लिया गया. ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि जहाजों ने कई चेतावनियों की अनदेखी की थी और प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरने की कोशिश की थी.

यूएई की चेतावनी

यूएई रक्षा मंत्रालय ने टैंकरों पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश अपने नागरिकों, क्षेत्र और समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है.

अमेरिका ने फिर की एयर स्ट्राइक

वहीं अमेरिका ने मंगलवार तड़के ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर नए हवाई हमले किए. यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी दोबारा लागू करने की घोषणा के कुछ घंटों बाद हुई. ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका अब होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने वाले विदेशी जहाजों से सुरक्षा शुल्क वसूलेगा. इसे अमेरिका की दशकों पुरानी ‘स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन’ नीति से बड़ा बदलाव माना जा रहा है

अमेरिका ने क्या कहा?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि नए हवाई हमलों का उद्देश्य ईरान की उस सैन्य क्षमता को कमजोर करना है, जिसके जरिए वह होर्मुज जलडमरूमध्य में नागरिक और व्यावसायिक जहाजों को निशाना बना रहा है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान की आक्रामक क्षमता को लगातार खत्म कर रहा है और जलडमरूमध्य पर नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि अमेरिका इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर भारी खर्च कर रहा है, इसलिए अब इस सुरक्षा के बदले जहाजों से शुल्क लिया जाएगा.

ईरान ने किया जवाबी हमला

अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने मंगलवार सुबह बहरीन की ओर भी मिसाइलें दागीं. वहां दो बार एयर रेड सायरन बजाए गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई. हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है.

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर

तनाव बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर 84 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई. यदि हालात और बिगड़ते हैं तो वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों और महंगाई पर असर पड़ सकता है. होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्ग माना जाता है, जहां से वैश्विक कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत परिवहन होता है.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image