वॉशिंगटन। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने भारतीय नागरिक कमल को वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया है। कमल पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह से कथित तौर पर जुड़े होने और अमेरिका में जबरन वसूली की साजिश में शामिल होने का आरोप है। एफबीआई के अनुसार, कमल की तलाश एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क के सिलसिले में की जा रही है, जिसकी गतिविधियां भारत के अलावा अमेरिका तक फैली हुई हैं।
एफबीआई के मुताबिक, कमल के खिलाफ 1 जुलाई 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया के केंद्रीय जिला न्यायालय ने संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर व्यापारिक गतिविधियों में जबरन वसूली के जरिए हस्तक्षेप करने की साजिश से जुड़ा आरोप लगाया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह मामला लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह की अमेरिका में कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा है।
एफबीआई ने बताया कि जिस संगठन से कमल के कथित संबंध बताए गए हैं, उसकी शुरुआत भारत के पंजाब राज्य में हुई थी। अमेरिकी जांच एजेंसी का दावा है कि इस समूह ने कैलिफोर्निया के केंद्रीय जिले और अन्य स्थानों पर भी अपनी गतिविधियां संचालित कीं। कमल की तस्वीर और उसके बारे में उपलब्ध जानकारी को एफबीआई की वांछित सूची में जारी किया गया है।
पूरा नाम नहीं बताया गया
कमल को लेकर एफबीआई की ओर से जारी जानकारी में उसका पूरा नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। भारतीय नागरिक के रूप में उसकी पहचान केवल ‘कमल’ के नाम से की गई है। अमेरिकी एजेंसी ने उसकी तलाश के लिए लोगों से जानकारी साझा करने की अपील की है।
यह घटनाक्रम अमेरिका की ओर से भारत से जुड़े संगठित अपराध नेटवर्क पर कार्रवाई तेज किए जाने के बीच सामने आया है। अमेरिकी अधिकारियों ने हाल के महीनों में भारत से जुड़े कई आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की है। एफबीआई और अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इन मामलों में सीमा पार संचालित आपराधिक गतिविधियों और जबरन वसूली से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
बिश्नोई गिरोह पर अमेरिका की बढ़ी नजर
लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े आपराधिक नेटवर्क को लेकर अमेरिका में जांच का दायरा लगातार बढ़ा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गतिविधियां भारत तक सीमित नहीं हैं और इसके कथित नेटवर्क की मौजूदगी दूसरे देशों में भी सामने आई है।
कमल को वांछित सूची में शामिल किया जाना इसी कार्रवाई की अगली कड़ी माना जा रहा है। हालांकि, कमल के खिलाफ लगाए गए आरोप अभी अमेरिकी न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और अदालत में आरोपों का अंतिम निर्धारण होना बाकी है।



