IND vs AFG Test Match : मुल्लांपुर। भारतीय क्रिकेट टीम भले ही हाल के घरेलू टेस्ट मुकाबलों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई हो, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में वह प्रबल दावेदार के रूप में मैदान में उतरेगी। हालांकि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, फिर भी आगामी चुनौतियों और टीम संयोजन के लिहाज से इसकी अहमियत बेहद ज्यादा है।
यह मुकाबला भारतीय टीम प्रबंधन के लिए कई सवालों के जवाब तलाशने का अवसर होगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की नजरें खास तौर पर तीसरे नंबर के बल्लेबाज और रवींद्र जडेजा के संभावित विकल्प की खोज पर टिकी होंगी। अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले यह मैच टीम की भविष्य की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
तीसरे नंबर की पहेली सुलझाने की चुनौती
भारतीय टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ा सवाल तीसरे नंबर के बल्लेबाज को लेकर है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन और स्टाइलिश बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के बीच चयन को लेकर चर्चा तेज है। दोनों खिलाड़ियों की तकनीक और शैली लगभग समान है, लेकिन इस मुकाबले में मौका पाने वाला खिलाड़ी भविष्य की योजनाओं में लंबी भूमिका निभा सकता है।
जडेजा के विकल्प की तलाश शुरू
इस मैच में अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है। ऐसे में चयनकर्ताओं की नजरें युवा स्पिन ऑलराउंडरों मानव सुथार और हर्ष दुबे पर होंगी। भारतीय टीम प्रबंधन भविष्य को ध्यान में रखते हुए जडेजा के विकल्प तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। नेट अभ्यास के दौरान मानव सुथार ने अपनी आक्रामक गेंदबाजी से प्रभावित किया है, जबकि हर्ष दुबे अपनी उपयोगी बल्लेबाजी और संतुलित प्रदर्शन के कारण मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
आंकड़ों में भारत का दबदबा
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक केवल एक टेस्ट मैच खेला गया है। वर्ष 2018 में बेंगलुरु में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को महज दो दिनों में हराकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था। इसके बाद से भारत ने 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जबकि अफगानिस्तान केवल 11 टेस्ट मुकाबले खेल पाया है। अनुभव और रिकॉर्ड दोनों ही मामलों में भारतीय टीम का पलड़ा काफी भारी नजर आता है। अफगानिस्तान की मौजूदा बल्लेबाजी इकाई के नाम कुल नौ टेस्ट शतक दर्ज हैं, जबकि भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने मिलकर 39 टेस्ट शतक लगाए हैं। यह आंकड़ा दोनों टीमों के बीच अनुभव और गुणवत्ता के अंतर को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
अफगानिस्तान को हल्के में नहीं लेना चाहेगा भारत
हालांकि कागजों पर भारत मजबूत दिखाई देता है, लेकिन टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली 0-2 की घरेलू टेस्ट सीरीज हार को नहीं भूली होगी। यही कारण है कि भारतीय खिलाड़ी अफगानिस्तान को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहेंगे। हशमतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान की टीम पिछले कुछ वर्षों में काफी परिपक्व हुई है और वह भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
भीषण गर्मी भी बनेगी चुनौती
जून की भीषण गर्मी में खेले जाने वाले इस मुकाबले में खिलाड़ियों की फिटनेस भी बड़ी परीक्षा से गुजरने वाली है। इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल जैसे तेज़ प्रारूप से निकलकर टेस्ट क्रिकेट की लंबी और धैर्यपूर्ण चुनौती के अनुरूप खुद को ढालना होगा।
टीम किस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल।
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमानुल्लाह, अफ़सर ज़ज़ई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, बिलाल सामी, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम, जियाउर रहमान। मैच शुरू होने का समय: सुबह 9:30 बजे।



