जापान। जापान के नागोया में आयोजित पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन भारत ने तीन स्वर्ण पदक समेत कुल 12 मेडल अपने नाम किए। इनमें 3 गोल्ड, 6 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।बुधवार को भारत के लिए दिन का पहला गोल्ड आयुष वर्मा ने पुरुषों की शॉटपुट F53 स्पर्धा में जीता। उन्होंने 8.16 मीटर का थ्रो करके पहला स्थान हासिल किया।
इससे पहले आयुष इस प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुके हैं।इसके बाद प्रवीण कुमार ने पुरुषों की हाई जंप T64 स्पर्धा में 2.05 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 2.02 मीटर के अपने पिछले गेम्स रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इसी स्पर्धा में बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता।वहीं, सचिन खिलारी ने पुरुषों की शॉटपुट F46 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर अपना खिताब बरकरार रखा। इस स्पर्धा में भारत का दबदबा देखने को मिला, जहां मोहम्मद यासेर ने सिल्वर और परवीन ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की झोली में तीनों पदक डाल दिए।
शीतल देवी और पायल नाग ने जीता सिल्वर
पैरा कंपाउंड महिला डबल्स के फाइनल में भारतीय तीरंदाज शीतल देवी और पायल नाग ने सिल्वर मेडल जीता। भारतीय जोड़ी को गोल्ड मेडल मुकाबले में चीन की जोड़ी के खिलाफ 141-150 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत के खाते में अब 47 मेडल
तीसरे दिन के मुकाबलों के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है। भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 12 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। इसके साथ ही भारत मेडल टैली में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।भारतीय पैरा-एथलीट्स के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है। अब सभी की नजरें आगामी मुकाबलों पर हैं, जहां भारतीय खिलाड़ियों से और पदक जीतने की उम्मीद है।



