Hera Pheri 3 : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की आगामी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ (Hera Pheri 3) एकबार फिर से सुर्खियों में छाई हुई है। फैंस इस मूवी का बेसब्री से इंतजार कर रहे है, काफी लंबे समय से बातें हो रही हैं कि ये पिक्चर बनने वाली है, मगर मामला आगे बढ़ ही नहीं पाया। बीच में परेश रावल (Paresh Rawal) कास्टिंग को लेकर कुछ दिक्कतें जरूर आई थीं, लेकिन बाद में उन्होंने फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी थी। इससे फैंस को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही शूटिंग शुरू होगी, लेकिन अब तक फिल्म फ्लोर पर नहीं आ सकी।
अब इस पूरे मामले पर अक्षय कुमार ने खुद बड़ा बयान दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा, ‘हेरा फेरी 3’ (Hera Pheri 3) फिलहाल नहीं बन रही है। लाखों लोगों को इससे झटका लगा है, लेकिन कोई बात नहीं, हमने ‘वेलकम 3’ बना ली है। जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म से जुड़ी समस्याएं सुलझ चुकी थीं, तो उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि अभी भी कुछ अड़चनें बाकी हैं। उनके मुताबिक, कुछ है अभी, थोड़ा मंत्र पढ़ना पड़ेगा, जो ठीक हो जाए। फिलहाल तो ये फिल्म नहीं हो रही है। इस बयान के बाद साफ हो गया है कि फैंस को एक बार फिर सुनील शेट्टी, अक्षय कुमार और परेश रावल की सुपरहिट तिकड़ी को पर्दे पर देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

सुनील शेट्टी और परेश रावल पर क्या बोले अक्षय?
जब अक्षय से पूछा गया कि क्या आने वाले एक-दो साल में यह फिल्म बन पाएगी, तो उन्होंने साफ कहा, अगले एक साल तक तो नहीं। वहीं, जब यह सवाल उठा कि क्या तीनों सितारों—अक्षय, परेश रावल और सुनील शेट्टी के बीच किसी तरह की समस्या है, तो अक्षय ने इस बात को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा कुछ नहीं है और तीनों साथ काम कर रहे हैं। दरअसल, ये तिकड़ी जल्द ही फिल्म वेलकम 3 में एक साथ नजर आने वाली है, जिससे साफ है कि कलाकारों के बीच कोई मतभेद नहीं है।
आखिर क्यों अटकी ‘हेरा फेरी 3’?
अक्षय कुमार ने इशारों में फिल्म के रुकने की असली वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिन्हें कैमरे पर नहीं बताया जा सकता—जैसे एग्रीमेंट्स और अन्य कानूनी या प्रोडक्शन से जुड़ी जटिलताएं। उनके मुताबिक, यही वजहें हैं जो किसी भी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ने से रोक देती हैं और ‘हेरा फेरी 3’ भी फिलहाल उसी दौर से गुजर रही है।

इमोशनल हुए अक्षय कुमार
बात करते-करते अक्षय थोड़ा भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा, जब वक्त होगा तो ये फिल्म जरूर बनेगी, लेकिन कहीं ऐसा न हो कि तब तक बुढ़ापा आ जाए।इस बयान से साफ है कि फिल्म पूरी तरह बंद नहीं हुई है, लेकिन फिलहाल इसे लेकर कोई ठोस प्रगति नहीं हो रही। ऐसे में फैंस को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।



