सड़क किनारे मिलने वाले वड़ा-पाव, समोसे, कचौरी, पकौड़े या पराठे जैसी चीजें अक्सर अखबार में लपेटकर या बिछाकर परोसी जाती है, लेकिन क्या आपको पता है ये आपकी सेहत पर कितना भारी पड़ सकती है. अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाने-पीने की चीजों को अखबार में पैक करने, परोसने या तेल सोखने के लिए इस्तेमाल करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. हाल ही में मुंबई में एक वड़ा-पाव विक्रेता द्वारा ग्राहकों को अखबार में खाना देने का मामला सामने आने के बाद FSSAI और बीएमसी ने कार्रवाई की. इसके बाद FSSAI ने देशभर के फूड बिजनेस ऑपरेटर्स, रेस्तरां, होटल, क्लाउड किचन और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को सख्त चेतावनी देते हुए खाने-पीने की चीजों को पैक करने में अखबार के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है.
क्यों खतरनाक है अखबार में खाना?
FSSAI के अनुसार अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में कई हानिकारक रसायन मौजूद होते हैं और कई तरह की भारी धातुएं हो सकती हैं जिनमें सीसा (Lead)भी शामिल है. इसके केमिकल पिगमेंट, रंग और सॉल्वेंट्स अन्य विषैले तत्व भी मौजूद रहते हैं. जब गर्म खाना अखबार के संपर्क में आता है, तो ये रसायन भोजन में मिल सकते हैं. लंबे समय तक ऐसा खाना खाने से शरीर में विषैले तत्व जमा होने लगते हैं, जिससे कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.
इसके अलावा अखबार कई हाथों से होकर गुजरता है, इस कारण उस पर कई तरह के बैक्टीरिया, वायरस और धूल मिट्टी चिपक जाते हैं. जब इसमें खाने को परोसा जाता है तो ये बैक्टीरिया और बीमारी फैलाने वाले कीटाणु खाने में मिल जाते हैं. जो फूड पॉइजनिंग और पेट की कई गंभीर बीमारियों की वजह बन सकते हैं. इससे आंतों का संक्रमण, लीवर और किडनी पर भी असर पड़ सकता है.
क्या कहता है कानून?
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (पैकेजिंग) रेगुलेशन 2018 के तहत भोजन का भंडारण, पैकिंग या वितरण के लिए अखबार या इसी तरह की प्रिंटेड सामग्रियों का इस्तेमाल स्पष्ट और पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है.
FSSAI ने कहा है कि अखबार पर भोजन परोसना, समोसे-पकौड़ों का तेल सोखने के लिए अखबार का उपयोग नहीं किया जा सकता. अगर किसी होटल, रेस्तरां, मिठाई की दुकान या ठेले पर अखबार में खाना परोसा या पैक किया जा रहा है, तो ग्राहक इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग के पास कर सकते हैं.
सुरक्षित विकल्प क्या हैं?
फूड-ग्रेड पेपर
बटर पेपर
फूड-ग्रेड बॉक्स
पेपर बैग
प्रमाणित पैकेजिंग सामग्री
FSSAI ने साफ कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसलिए अगली बार अगर कोई दुकानदार आपको अखबार में समोसा या वड़ा-पाव दे, तो उसे लेने से पहले जरूर सोचें.
ये भी पढ़ें: ‘भारत को प्रतिबंधों की धमकी भारी पड़ेगी’, पुतिन की अमेरिका-यूरोप को खुली चेतावनी



