जयपुर। नशे की लत से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। जयपुर के SMS अस्पताल में अब नशा मुक्ति का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। इसके लिए मनोचिकित्सा केंद्र के अंतर्गत 10 बेड की IPD (In-Patient Department) सुविधा शुरू की गई है। आने वाले समय में बेड की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है।यह सुविधा National Drug Dependence Treatment Centre (NDDTC) के अंतर्गत शुरू की गई है। यहां मरीजों को नशे की लत छुड़ाने के लिए जरूरी दवाइयां और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
शराब से लेकर तंबाकू तक, कई तरह की लत का इलाज
इस सेंटर पर शराब, अफीम, स्मैक, हेरोइन, डोडा-पोस्त, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट, गांजा और नींद की गोलियों समेत अलग-अलग तरह के नशे की लत का इलाज किया जा रहा है।मरीजों को सिर्फ शुरुआती इलाज ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक नशे से दूर रखने वाली दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। शराब छोड़ने के बाद होने वाली तलब को कम करने और ओपिओइड नशे के इलाज के लिए भी दवाइयां दी जा रही हैं।
इलाज के दौरान नहीं देना होगा कोई पैसा
एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मदीप सिंह के मुताबिक, इस सुविधा के तहत मरीजों को इलाज के साथ जरूरी दवाइयां भी मुफ्त दी जा रही हैं। पूरे उपचार के दौरान मरीज का एक भी पैसा खर्च नहीं होगा।डॉक्टरों के मुताबिक, नशे की लत का इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों में बड़ी संख्या 20 से 45 वर्ष की उम्र के लोगों की है। मरीजों के साथ उनके परिजनों की भी काउंसलिंग की जाती है, ताकि इलाज के बाद दोबारा नशे की ओर लौटने की संभावना कम हो।
10 बेड से शुरू हुई सुविधा, आगे बढ़ेगी क्षमता
फिलहाल नशा मुक्ति के लिए 10 बेड की IPD सुविधा शुरू की गई है। मरीजों की जरूरत और संख्या को देखते हुए भविष्य में इन बेड की संख्या बढ़ाई जा सकती है।यानी अब जयपुर में नशे की गंभीर लत से जूझ रहे लोगों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। SMS अस्पताल में दवाइयों, उपचार और काउंसलिंग की सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है।



