जयपुर। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मानसून की पहली बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। गुरुवार देर रात हुई बारिश के बाद एक पुराने ड्रेनेज पाइप के फटने से ग्राउंड फ्लोर, ईसीजी रूम, मुख्य कॉरिडोर और माइनर ऑपरेशन थिएटर (OT) में पानी भर गया। पानी भरने के कारण माइनर ओटी में कुछ समय के लिए इलाज रोकना पड़ा और मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर उपचार दिया गया।
बारिश के दौरान ट्रॉमा सेंटर के कॉरिडोर में लगी फॉल सीलिंग का एक हिस्सा भी गिर गया। हालांकि, जिस स्थान पर सीलिंग गिरी वहां उस समय मरीजों की आवाजाही नहीं थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन अस्पताल परिसर में पानी भरने और फिसलन के कारण मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. राजेन्द्र मांडिया, उप-अधीक्षक डॉ. जगदीश मोदी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पानी की निकासी, सफाई और क्षतिग्रस्त ड्रेनेज पाइप की मरम्मत के निर्देश दिए। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पुराना पाइप फटने के कारण यह स्थिति बनी और इसे जल्द ठीक कराया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी मानसून के दौरान एसएमएस अस्पताल के कई वार्डों, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर में पानी भरने की शिकायतें सामने आई थीं। इस बार भी मानसून की शुरुआत में ही ऐसी स्थिति बनने से अस्पताल की तैयारियों और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी महीनों में भारी बारिश के दौरान मरीजों की परेशानी और बढ़ सकती है।



