Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियों के बीच एक बार फिर गर्मी और हीटवेव का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक तापमान फलोदी में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर और बाड़मेर में पारा 41 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
अटरू क्षेत्र में सबसे अधिक 62 मिमी बारिश
गर्मी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर भी जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारां जिले के अटरू क्षेत्र में सबसे अधिक 62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, झुंझुनूं में 34 मिमी बारिश हुई, जबकि श्रीगंगानगर में सुबह से शाम तक 14.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली।

पश्चिम राजस्थान समेत कई जिलों में बारिश और आंधी अलर्ट
हनुमानगढ़, जयपुर, कोटा और झुंझुनूं समेत कई जिलों में बारिश से मौसम सुहावना हुआ, लेकिन उमस और तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को राहत पूरी तरह नहीं मिल पाई। मौसम विभाग ने सोमवार, 22 जून को प्रदेश के 17 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, शेखावाटी क्षेत्र के अलावा बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग का अनुमान है कि 25 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मंगलवार, 23 जून को भी जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, 25 जून तक इन इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
मेवाड़ क्षेत्र में बादल कम, बारिश के आसार कमजोर
हालांकि, दक्षिण राजस्थान के वागड़ और मेवाड़ क्षेत्र में फिलहाल बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में आगामी दिनों में बारिश की मात्रा कम रह सकती है। ऐसे में प्रदेश में एक ओर गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा, तो दूसरी ओर कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर भी जारी रहने की संभावना है।



