Rajasthan Digital Census 2027 : जयपुर। भारत में जनगणना 2027 के पहले चरण “मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (HLO)” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक विष्णु चरण मल्लिक ने अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की 21 जनवरी 2026 की अधिसूचना के अनुसार, जनगणना का पहला चरण 16 मई से 14 जून 2026 के बीच पूरा किया जाएगा। वहीं, नागरिकों को सुविधा देने के लिए ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) का विकल्प 1 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगा।
इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सहभागी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ‘स्व-गणना’ सुविधा के जरिए लोग अपने घर या मोबाइल से ही जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक आसान और समयबद्ध होगी।
जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (HLO)” को पूर्णतः डिजिटल और सहभागी बनाने की दिशा में भारत सरकार द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए ‘स्व-गणना’ की सुविधा प्रदान की गई है। ‘स्व-गणना’ पोर्टल का उपयोग डेस्कटॉप अथवा स्मार्टफोन के माध्यम से किया जा सकेगा। संबंधित पोर्टल का पता se.census.gov.in है।
स्व-गणना सुविधा का उद्देश्य कार्यरत, व्यस्त अथवा सुविधा अनुसार स्वय विवरण उपलब्ध कराने के इच्छुक परिवारों को डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी भरने का अवसर प्रदान करना है। तथापि, यह स्पष्ट किया जाता है कि स्व-गणना किए जाने के उपरांत भी संबंधित प्रगणक द्वारा फील्ड स्तर पर सत्यापन एवं डाटा जांच की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से संपादित की जाएगी।



