Bobby Deol- Alia Bhatt Fight : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल (Bobby Deol) इन दिनों अपनी आगामी स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह अभिनेत्री आलिया भट्ट (Alia Bhatt) के साथ अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की शूटिंग के दौरान ऐसी खबरें सामने आई थीं कि सेट पर बॉबी और आलिया के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई है। अब अभिनेता ने खुद इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए सच्चाई बताई है।

अफवाहों पर बॉबी देओल ने दिया जवाब
हाल ही में एक टीवी शो में बातचीत के दौरान बॉबी देओल से आलिया भट्ट के साथ कथित विवाद को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिनेता ने हंसते हुए कहा कि जब उनके एक दोस्त ने उन्हें इस खबर का स्क्रीनशॉट भेजा, तो वह खुद भी हैरान रह गए थे। बॉबी ने कहा, लोग इतने खाली बैठे हैं कि कुछ भी लिखकर खबर बना देते हैं। जब मैंने यह अफवाह देखी तो मुझे भी विश्वास नहीं हुआ।

रणबीर कपूर और आलिया के साथ काम करने पर जताई खुशी
अभिनेता ने आगे बताया कि हाल ही में उन्होंने Ranbir Kapoor के साथ एक फिल्म में काम किया था और उसके तुरंत बाद उन्हें आलिया भट्ट के साथ फिल्म का प्रस्ताव मिला। बॉबी ने कहा कि वह खुद इस बात से बेहद खुश थे। उन्होंने कहा, मैं सोच रहा था कि मेरे साथ क्या हो रहा है। रणबीर और आलिया दोनों मेरे पसंदीदा कलाकार हैं और मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिल रहा है। यह मेरे लिए बेहद खास अनुभव है।

आलिया संग लड़ाई के बाद दूसरी फिल्म? बॉबी ने बताया सच
आलिया भट्ट के साथ कथित विवाद की खबरों को लेकर बॉबी देओल ने स्पष्ट किया कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि आलिया के साथ काम करने का उनका अनुभव बेहद शानदार रहा और अभिनेत्री अपने काम को लेकर बेहद प्रोफेशनल हैं। बॉबी ने कहा, “आलिया के साथ काम करना बहुत अच्छा रहा। वह एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं और अपने किरदार के लिए काफी मेहनत करती हैं। खासकर फिल्म के सभी फाइट सीक्वेंस के लिए वह पूरी तरह तैयार थीं। ऐसे में मुझे समझ नहीं आया कि लोगों ने हमारे बीच अनबन की खबरें क्यों फैलाईं।” अभिनेता ने उन रिपोर्ट्स को भी खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि कथित विवाद के बाद निर्माता आदित्य चोपड़ा ने उन्हें मनाने के लिए दूसरी फिल्म ऑफर की थी। इस पर बॉबी ने कहा, “फिर खबरें आईं कि मैं इतना नाराज था कि आदित्य चोपड़ा ने मुझे एक और फिल्म ऑफर कर दी। मैं हर किसी को जाकर सफाई नहीं दे सकता। ये सारी बातें पूरी तरह गलत हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।”
बॉबी देओल की अगली फिल्म पर टिकीं फैंस की नजरें
स्पाई-थ्रिलर ‘अल्फा’ से पहले बॉबी देओल अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंदर’ के जरिए बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। चर्चित फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दमदार स्टारकास्ट और अनुराग कश्यप की अलग अंदाज की कहानी ने फिल्म को रिलीज से पहले ही चर्चा में ला दिया है। ‘बंदर’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।



