CJP Protest in Delhi: दिल्ली में जंतर मंतर के पास बुधवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. जवाब में पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले दागे. पुलिस के अनुसार, उपद्रवियों द्वारा पथराव की घटना में कम से कम 2 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और 4 कर्मी घायल हो गए. घायल कर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. सभी पुलिस कर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है.

‘धरना स्थल में असामाजिक तत्वों ने किया प्रवेश’
दिल्ली पुलिस ने कहा कि कई ‘असामाजिक’ तत्व धरना स्थल में प्रवेश कर गए हैं. उन्होंने कहा, ‘वे आयोजकों (कॉजपा) की बात भी नहीं सुन रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव कर रहे हैं.’ पुलिस ने कहा कि हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं.

दो चरणों में हुई कथित पथराव की घटना
पुलिस के अनुसार, पहली घटना में, शाम लगभग 4.30 बजे प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और एक पत्थर ACP जय प्रकाश के माथे पर लगा जिससे वह घायल हो गए. उनकी मौजूदा तैनाती पंजाबी बाग उपमंडल में है. बाद में पथराव की एक और घटना रात करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस में टॉलस्टॉय मार्ग के पास हुई. जिसमें कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत और कम से कम 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए.

दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
#WATCH दिल्ली: जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। pic.twitter.com/I4d5vaMtz7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 22, 2026
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का बड़ा ऐलान- ‘पेपर लीक मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी’



