जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजसमंद प्रवास के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में पहले भी बिखराव रहा है, वर्तमान में भी बिखराव है और आने वाले समय में भी पार्टी में बिखराव जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना स्पष्ट नीति, विचार और उद्देश्य के किए गए बेमेल गठजोड़ लंबे समय तक टिक नहीं सकते।
राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा” जैसी स्थिति से कोई राजनीतिक संगठन मजबूत नहीं हो सकता। उनके मुताबिक, ऐसे गठजोड़ों का परिणाम अंततः बिखराव के रूप में सामने आता है।
भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत — राठौड़
राजसमंद प्रवास के दौरान मदन राठौड़ ने संगठनात्मक विषयों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता किंगमेकर की भूमिका निभाता है। राठौड़ ने कहा कि पार्टी की नजर सभी योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं पर है। जो कार्यकर्ता किसी कारण से अब तक संगठन में किसी दायित्व से वंचित रहा है, उसे उचित समय पर सम्मान और अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी समाज या व्यक्ति की किसी मुद्दे को लेकर नाराजगी है तो उससे संवाद के जरिए उसकी बात सुनी जाएगी।
राष्ट्र प्रथम की भावना रखने वालों के लिए खुले हैं भाजपा के दरवाजे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के दरवाजे राष्ट्र प्रथम की भावना और देशभक्ति के विचार रखने वाले लोगों के लिए खुले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय निकाय चुनावों की तरह आगामी पंचायत चुनावों में भी पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। उन्होंने इसे पार्टी की संगठनात्मक क्षमता का संकेत बताते हुए कहा कि पार्टी के पास चुनावी मैदान में उतरने के लिए योग्य कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पंचायत चुनावों के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय होकर काम करने का आह्वान किया।



