Rajsamand Development Projects : राजसमंद/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकसित भारत और विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान, महिला, मजदूर और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने रविवार को राजसमंद के भिक्षु निलयम में आयोजित समारोह में 491 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के 347 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनमें 369 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 266 कार्यों का लोकार्पण तथा 122 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 81 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से श्रीनाथजी की आस्था एवं महाराणा प्रताप की शौर्य धरा पर विकास गाथा में एक नया अध्याय जुड़ा है।

किसानों-पशुपालकों का हो रहा आर्थिक सशक्तीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अन्नदाता के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किसान सम्मान निधि को 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया। वहीं, किसानों को बिजली बिलों में लगभग 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना से अन्नदाता आज ऊर्जादाता के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के अन्तर्गत 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण एवं दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान दे रही है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 23 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की गई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक एवं उन्नत खेती अपनाने का आह्वान किया।
रोजगार से लेकर स्वरोजगार तक राह की प्रशस्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करते हुए शिक्षा से लेकर रोजगार तक राह प्रशस्त की है। पेपरलीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 569 लोगों को गिरफ्तार कर दोषियों पर कार्रवाई की गई है। ढाई वर्षों में 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के आयोजित हुई हैं।उन्होंने कहा कि युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने को साकार करते हुए 1 लाख 78 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं। जबकि 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। साथ ही, 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। प्रदेश का युवा नौकरी लेने वाला नहीं नौकरी देने वाला बने इसके लिए राजस्थान युवा नीति लाई गई है, जिससे स्टार्ट अप, उद्यमिता, कौशल विकास से लेकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों से निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर सृजित किये गए हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा का बढ़ रहा दायरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को निशुल्क पुस्तक, ड्रेस के साथ-साथ 14 लाख बालिकाओं को साइकिलों का वितरण एवं 46 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान की है। भविष्य की बुनियाद को मजबूत करने के लिए आंगनबाडी केन्द्रों में बच्चों को सप्ताह में 5 दिन दूध पिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य योजना से स्वस्थ राजस्थान का संकल्प साकार हो रहा है। मा वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा के लिए 4 लाख 82 हजार से अधिक कूपन जारी किए गए हैं। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर 1 हजार 450 रुपये प्रतिमाह की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में 4 लाख 40 हजार से अधिक आवास बनवाए गए हैं। जरूरतमंदों को 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध करवा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा योजना में 1 करोड़ पात्र व्यक्तियों के नए नाम जुड़े हैं। 18 लाख महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष योग्यजनों को इलेक्ट्रॉनिक मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ चैक, राजीविका एसएचजी की महिलाओं को ऋण चैक एवं कोविड-19 में अनाथ को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित किये। कार्यक्रम में विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, दीप्ति किरण माहेश्वरी, विश्वराज सिंह मेवाड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

इन विकास कार्यो का हुआ लोकार्पण
– 64 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुंभलगढ़ के ओलादर चौराहा से चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा चौराहा तक सड़क सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण कार्य।
– 46 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार दरीबा में 220 केवी जीएसएस।
– नाथद्वारा में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से नवीन दुग्ध प्रसंस्करण इकाई।
– करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से नाथद्वारा में खेल स्टेडियम और विभिन्न सड़कों संबंधी 52 कार्य।
– 34 करोड़ रुपये से अधिक लागत के स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों के निर्माण से जुड़े 38 कार्य।
– करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से भीम में खेल स्टेडियम और विभिन्न सड़कों संबंधी 49 कार्य।
– 23 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुंभलगढ़ में विभिन्न सड़कों संबंधी 34 कार्य।
– 21 करोड़ रुपये की लागत से भीम में 50 बेडेड मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई।
– 17 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से राजसमंद, कुंभलगढ़ और नाथद्वारा में 49 पेयजल परियोजनाओं के कार्य।
– करीब 15 करोड़ की लागत से राजसमंद, कुम्भलगढ़, भीम और नाथद्वारा के विद्यालयों और महाविद्यालयों में सुविधा संबंधी 35 कार्य।
– देवगढ़ में एफएसटीपी प्लांट का निर्माण।
– नाथद्वारा में पशुपालक प्रशिक्षण संस्थान।
इन विकास कार्यों का किया गया शिलान्यास
– 47 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से राजसमंद, भीम, कुंभलगढ़ और नाथद्वारा में विभिन्न सड़कों और विद्यालय में सुविधाओं से जुड़े 59 कार्य।
– राजसमंद नगर परिषद क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत के 37 सड़क निर्माण कार्य।
– कुंभलगढ़ क्षेत्र में बेड़च का नाका बांध के सर्वे कार्य, डीपीआर तैयार करने तथा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के क्रियान्वयन का शुभारंभ।
– ताल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन निर्माण।
– खारी फीडर नहर के निर्माण कार्य, गांवों में पाइपलाइन बिछाकर घर-घर पेयजल पहुंचाने के कार्यों।
– ओपनवेल, वेस्ट मैनेजमेंट, एसटीपी प्लांट, बांध, एनिकट और नहरों, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय भवन के निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े विभिन्न कार्य।



