Thursday, March 19, 2026
HomeNational NewsRCom Fraud Case: 2,929 करोड़ के SBI लोन घोटाले में घिरे अनिल...

RCom Fraud Case: 2,929 करोड़ के SBI लोन घोटाले में घिरे अनिल अंबानी, CBI मुख्यालय में घंटों पूछताछ, धोखाधड़ी के आरोपों पर बढ़ा दबाव

सीबीआई ने उद्योगपति अनिल अंबानी से रिलायंस कम्युनिकेशंस और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत से जुड़े 2,929 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की। आरोप है कि ऋण का दुरुपयोग और अनियमितताएं हुईं। मामले में आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं, जबकि अंबानी ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए एजेंसियों के साथ सहयोग की बात कही है।

RCom Fraud Case: नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उद्योगपति अनिल अंबानी से रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और उनके खिलाफ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शिकायत पर दर्ज कथित 2,929 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में बृहस्पतिवार को पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अंबानी आज सुबह इस मामले में पूछताछ के लिए एजेंसी मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने बैंक द्वारा कंपनी को दिए गए ऋण के दुरुपयोग और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।

RCom मामले में CBI का शिकंजा, अनिल अंबानी से हुई पूछताछ

अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने बयान में कहा, अनिल अंबानी 19 और 20 मार्च 2026 को दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समक्ष पेश होंगे, जहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) के संबंध में की गई शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में उनसे पूछताछ की जाएगी। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अंबानी का यहां पेश होना इस मामले में सभी एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने एसबीआई के साथ कथित रूप से 2,929.05 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में अंबानी के खिलाफ पिछले साल अगस्त में मामला दर्ज किया था। एसबीआई की शिकायत अब प्राथमिकी का हिस्सा है। शिकायत के अनुसार कंपनी पर विभिन्न ऋणदाताओं का 40,000 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है जिससे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक को 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। यह आंकड़े 2018 के हैं। सीबीआई ने अंबानी और आरकॉम के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया है।

SBI को नुकसान मामले में CBI की जांच तेज

सीबीआई के प्रवक्ता ने पिछले साल अगस्त में बयान में कहा था, आरोप है कि आरोपित व्यक्तियों ने आपराधिक साजिश के तहत गलत जानकारी प्रस्तुत कर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड के पक्ष में ऋण सुविधाएं स्वीकृत कराईं। प्रवक्ता ने कहा, अनिल डी अंबानी सभी आरोपों और अभियोगों से इनकार करते हैं एवं विधिवत अपना बचाव करेंगे। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने मुंबई के कफ परेड स्थित अंबानी के आवास ‘सी विंड’ की भी तलाशी ली थी।

प्रवक्ता ने बताया कि एसबीआई द्वारा दायर शिकायत 10 वर्ष से अधिक पुराने मामलों से संबंधित है। बयान में कहा गया कि संबंधित समय में वह कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक थे और दैनिक प्रबंधन में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। अनिल अंबानी ने सक्षम न्यायिक मंच के समक्ष एसबीआई की घोषणा को विधिवत चुनौती दी है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular