Wednesday, August 12, 2026
HomeIndiaBRICS Meeting Jaipur: जयपुर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, 11 देशों के वित्त मंत्री...

BRICS Meeting Jaipur: जयपुर पहुंचीं निर्मला सीतारमण, 11 देशों के वित्त मंत्री करेंगे आर्थिक मंथन

BRICS Meeting Jaipur: जयपुर में 12-13 अगस्त को BRICS वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक होगी। निर्मला सीतारमण समेत 11 देशों के प्रतिनिधि आर्थिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

जयपुर। भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत जयपुर में 12 और 13 अगस्त को BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। दो दिवसीय बैठक में 11 देशों के प्रतिनिधि वैश्विक अर्थव्यवस्था, वित्तीय सहयोग और आर्थिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार देर रात अधिकारियों के साथ जयपुर पहुंचीं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर संजय मल्होत्रा भी जयपुर पहुंचे। जयपुर पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने केंद्रीय वित्त मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहे।

रामबाग होटल में होगी अहम बैठक

BRICS वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक जयपुर के होटल रामबाग में आयोजित होगी। बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे बैठक का उद्घाटन सत्र शुरू होगा। इसमें निर्मला सीतारमण और RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा संबोधित करेंगे। बैठक में BRICS देशों के वित्तीय क्षेत्र और केंद्रीय बैंकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आर्थिक विकास को गति देने के साथ वित्तीय सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

आर्थिक विकास और जोखिम जैसे मुद्दों पर मंथन

बैठक के दौरान BRICS देशों की अर्थव्यवस्थाओं को तेजी से आगे बढ़ाने, आर्थिक उदारीकरण और वैश्विक आर्थिक जोखिम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वित्तीय क्षेत्र में सहयोग और बदलती वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों से जुड़ी चुनौतियों पर भी प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे। बैठक का समापन गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे प्रस्तावित है।

सिटी पैलेस में दिखेगी राजस्थान की संस्कृति

जयपुर पहुंचने वाले BRICS देशों के प्रतिनिधियों को राजस्थान की समृद्ध कला और संस्कृति से भी रूबरू कराया जाएगा। बुधवार शाम करीब 5 बजे प्रतिनिधि सिटी पैलेस पहुंचेंगे, जहां उनके लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राजस्थान की पारंपरिक कला, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

जयपुर में दूसरी बार हो रही BRICS बैठक

जयपुर में BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की यह बैठक दूसरी बार आयोजित हो रही है। इससे पहले 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान जयपुर में BRICS से जुड़े प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। उस बैठक में आर्थिक सुधार, टीकाकरण की स्थिति और नीतिगत समर्थन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इसके अलावा डिजिटल स्वास्थ्य, सामाजिक अवसंरचना और वित्तीय समावेशन जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे थे।

यह खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Politics: बेनीवाल ने लोकसभा में उठाया बाड़मेर धार्मिक स्थलों का मुद्दा, अमित शाह से की जांच की मांग

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर रहेगी नजर

BRICS की यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक अर्थव्यवस्था कई तरह की चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे में 11 देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नर आर्थिक सहयोग बढ़ाने और वित्तीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर विचार करेंगे। जयपुर में होने वाली इस बैठक को भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत महत्वपूर्ण बैठकों में से एक माना जा रहा है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image