दौसा। बॉबी देओल की पॉपुलर वेबसीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन की शूटिंग इन दिनों राजस्थान के अलग-अलग शहरों में चल रही है। सीरीज में ‘बाबा निराला’ का किरदार निभाने वाले बॉबी देओल जयपुर के बाद अब दौसा पहुंचे हैं। पहली बार दौसा की श्यालावास सेंट्रल जेल में ‘आश्रम-4’ की शूटिंग की जा रही है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को बॉबी देओल शूटिंग के लिए जेल पहुंचे। उन्हें देखने के लिए जेल के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक जमा हो गए।
‘जपनाम-जपनाम’ के नारों से गूंजा इलाका
बॉबी देओल के जेल पहुंचने की खबर मिलते ही उनके फैंस की भीड़ जमा हो गई। लोग अभिनेता की एक झलक पाने के लिए दूर-दूर से पहुंचे। इस दौरान भीड़ में ‘बाबा निराला’ और ‘जपनाम-जपनाम’ के नारे सुनाई दिए। बॉबी देओल के जेल के अंदर जाते हुए का एक वीडियो भी सामने आया है।
10 अक्टूबर तक शूटिंग की परमिशन
निर्देशक प्रकाश झा की इस वेबसीरीज के अहम हिस्से की शूटिंग दौसा जेल में की जा रही है। जेल प्रशासन के मुताबिक, शूटिंग के लिए 10 अक्टूबर तक की अनुमति दी गई है। यह पहली बार है जब ‘आश्रम’ सीरीज की शूटिंग दौसा जेल में हो रही है।
जयपुर में बनाया गया है ‘आश्रम’ का भव्य सेट
‘आश्रम-4’ की शूटिंग पिछले करीब एक महीने से जयपुर के कूकस स्थित शिव विलास होटल में भी की जा रही है। यहां वेबसीरीज के लिए भव्य और लग्जरी आश्रम का सेट तैयार किया गया है। सेट पर बाबा निराला के बड़े-बड़े पोस्टर भी लगाए गए हैं। इससे पहले जयपुर और आसपास की कई ऐतिहासिक लोकेशन पर भी सीरीज की शूटिंग हो चुकी है। बस्सी के बांसखोह किले में भी शूटिंग की गई थी।
2020 में आया था ‘आश्रम’ का पहला सीजन
प्रकाश झा के निर्देशन में बनी ‘आश्रम’ का पहला सीजन 28 अगस्त 2020 को रिलीज हुआ था। यह बॉबी देओल की डिजिटल डेब्यू सीरीज भी थी। सीरीज का दूसरा सीजन नवंबर 2020 में रिलीज हुआ। इसके बाद तीसरा सीजन 2022 और 2025 में रिलीज किया गया। अब दर्शकों को ‘आश्रम’ के चौथे सीजन का इंतजार है।



