उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के सोमवार को राजस्थान पहुंचने पर उदयपुर एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी अभिनंदन किया गया। इसके बाद दोनों नेता सिरोही जिले के आबू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के शांतिवन परिसर में आयोजित ग्लोबल समिट-2026 के समापन समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
उदयपुर एयरपोर्ट पर BJP नेताओं ने किया स्वागत
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। उदयपुर शहर बीजेपी जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के विकास, पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के राजस्थान दौरे को पार्टी संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शांतिवन में ग्लोबल समिट-2026 के समापन समारोह में होंगे शामिल
नितिन नबीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आबू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के शांतिवन परिसर में आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। ब्रह्माकुमारीज संस्थान की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव के तहत इस वैश्विक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विश्वभर से 6 हजार से अधिक अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। सम्मेलन में आध्यात्मिकता, वैश्विक सहयोग और सकारात्मक सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सिरोही और बांसवाड़ा दौरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे उदयपुर से सिरोही जिले के आबू रोड स्थित मानपुर हवाई पट्टी पहुंचेंगे। इसके बाद शांतिवन परिसर में आयोजित ग्लोबल समिट-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बांसवाड़ा जिले की घाटोल तहसील के खमेरा स्थित भाटिया महादेव मंदिर पहुंचेंगे। यहां दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित है। मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद करेंगे। इसके बाद उनके उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचकर जयपुर रवाना होने का कार्यक्रम है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम स्थलों और संबंधित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



