Saturday, May 30, 2026
HomeLatest NewsBJP विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का निधन, मीटिंग के बीच आया...

BJP विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का निधन, मीटिंग के बीच आया हार्ट अटैक, एक दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन

बरेली के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ बैठक में शामिल थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

बरेली। बरेली जिले के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी और परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी। डॉ श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था। एक पार्टी कार्यकर्ता ने बताया कि सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री एक बैठक ले रहे थे, जिसमें विधायक श्याम बिहारी लाल भी शामिल थे।

मीटिंग के बीच अचानक बिगड़ी श्याम बिहारी लाल की तबीयत

कार्यकर्ता के अनुसार दोपहर करीब सवा दो बजे अचानक श्याम बिहारी लाल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब तीन बजे मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। योगी ने “एक्स” पोस्ट किया,“जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उनके प्रति मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि है।”

सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री ने लिखा, “मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’ डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं ।

बरेली में मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया, “श्याम बिहारी लाल को लाया गया तब उनका बीपी पल्स नहीं चल रहा था। हम लोगों ने सीपीआर दिया। करीब एक घंटा इलाज चला। हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।” श्यामबिहारी लाल का जन्म एक जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पी.एच.डी. की थी। वह रोहिलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर थे। वह भारतीय जनता पार्टी से 2017 में पहली बार विधानसभा में पहुंचे थे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image