बीकानेर। बीकानेर नगर निगम में उप-महापौर (डिप्टी मेयर) के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीति के दम पर राजनीतिक उलटफेर करते हुए बड़ी जीत हासिल कर ली है। मेयर का पद गंवाने के बाद भाजपा ने डिप्टी मेयर की कुर्सी पर अपना कब्जा जमा लिया है। इस कड़े मुकाबले में भाजपा के प्रत्याशी पंकज गहलोत ने जीत दर्ज कर शहर की सत्ता संतुलन में पार्टी का दबदबा कायम रखा है।
यह खबर भी पढ़ें:-भजनलाल शर्मा या अशोक गहलोत: राजस्थान के शहरों में किसका चला सिक्का? समझिए वोटों का पूरा समीकरण
वोटों का समीकरण और कांटे का मुकाबला
बीकानेर नगर निगम के 80 सदस्यीय बोर्ड में उप-महापौर पद के लिए हुए मतदान में भाजपा के पंकज गहलोत को 40 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 38 वोट हासिल हुए। मात्र 2 वोटों के इस सूक्ष्म अंतर से पंकज गहलोत ने उप-महापौर पद पर अपनी जीत दर्ज की।
मेयर चुनाव में कांग्रेस रही थी आगे
इससे पहले संपन्न हुए महापौर (मेयर) चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला ने जीत दर्ज कर मेयर की कुर्सी संभाली थी। कांग्रेस ने संख्याबल के आधार पर मेयर का पद अपने नाम किया था, जिसके बाद उप-महापौर पद पर भी कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही थी।
यह खबर भी पढ़ें:-चुनाव को गंभीरता से नहीं लेने वाले कांग्रेसी नेताओं पर कब होगा एक्शन
भाजपा का ‘मास्टरस्ट्रोक’ और वोट मैनेजमेंट
हालांकि, डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा ने वार्ड नंबर 51 से निर्वाचित पार्षद पंकज गहलोत पर दांव खेला। भाजपा के पास बोर्ड में केवल 27 पार्षद थे, लेकिन क्रॉस-वोटिंग और निर्दलीय पार्षदों के समर्थन को साधते हुए भाजपा 40 के जादुई आंकड़े तक पहुँचने में सफल रही। इस तरह मेयर की कुर्सी कांग्रेस के खाते में जाने के बाद भी भाजपा ने डिप्टी मेयर का पद छीनकर सत्ता का बड़ा हिस्सा अपने नाम कर लिया है।



