मुंबई (प्रज्ञा पांडे)। टीवी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस OTT 2’ की कंटेस्टेंट रह चुकीं जिया शंकर ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। जिया ने अपने बॉयफ्रेंड करण धनक के साथ सगाई कर ली है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर रोमांटिक तस्वीरें शेयर करते हुए अपने रिश्ते का आधिकारिक ऐलान किया।
जिया और करण की सगाई का पल बेहद खास और रोमांटिक रहा। तस्वीरों में दोनों एक आउटडोर लोकेशन पर नजर आ रहे हैं, जहां डूबते सूरज की खूबसूरत रोशनी के बीच करण ने जिया को शादी के लिए प्रपोज किया। इस खास मौके पर जिया ने पेस्टल येलो कलर का सैटिन गाउन पहना था, जबकि करण बेज शर्ट और व्हाइट ट्राउजर में नजर आए। एक तस्वीर में जिया अपनी डायमंड एंगेजमेंट रिंग दिखाते हुए बेहद खुश दिखाई दे रही हैं।
सगाई की तस्वीरें शेयर करते हुए जिया ने करण के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि कई बार जिंदगी में प्यार उस वक्त मिलता है, जब इंसान इसकी उम्मीद भी नहीं करता। जिया ने कहा कि भले ही करण उनसे हजारों मील दूर थे, लेकिन दोनों की बातचीत ने उन्हें हमेशा अपनापन और घर जैसा एहसास दिया। उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर लिखा कि सफर हमेशा आसान नहीं था, लेकिन दोनों ने हर दिन एक-दूसरे को चुना और अपने रिश्ते को मजबूत बनाया। एक्ट्रेस ने करण को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि वह उनके साथ अपनी आगे की जिंदगी बिताने को लेकर बेहद खुश हैं।
जिया की सगाई की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और दोस्तों ने कपल को शुभकामनाएं देनी शुरू कर दीं। कई लोगों ने कमेंट कर दोनों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाई दी। जिया के फैंस लंबे समय से उनकी निजी जिंदगी को लेकर उत्सुक थे, ऐसे में उनकी सगाई की खबर सभी के लिए खास सरप्राइज रही। जिया शंकर ने साल 2013 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई और कई लोकप्रिय शोज में काम किया। वह ‘मेरी हानिकारक बीवी’, ‘काटेलाल एंड संस’ और ‘पिशाचिनी’ जैसे टीवी सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा मराठी फिल्म ‘वेड’ में भी उनके अभिनय को पसंद किया गया। ‘बिग बॉस OTT 2’ में हिस्सा लेने के बाद जिया की लोकप्रियता और बढ़ गई। शो में उनकी पर्सनैलिटी और गेम को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
जिया के मंगेतर करण धनक मनोरंजन जगत से जुड़े नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करण अमेरिका में रहने वाले बिजनेसमैन और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल हैं। दोनों ने अपने रिश्ते को काफी समय तक निजी रखा था। हालांकि, सगाई के बाद जिया ने पहली बार अपने प्यार और रिश्ते को खुलकर फैंस के साथ साझा किया है। जिया शंकर और करण धनक की सगाई के बाद अब फैंस उनकी शादी की तारीख और आगे की रस्मों का इंतजार कर रहे हैं।



