Bangladesh Election 2026: बांग्लादेश के अहम आम चुनाव के लिए गुरुवार सुबह मतदान शुरू हो गया. यह चुनाव अगस्त 2024 में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद हो रहा है. देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह 7:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे तक जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है. एक उम्मीदवार की मौत होने के कारण एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान रद्द कर दिया गया है.
BNP और जमात-ए-इस्लामी के बीच मुख्य मुकाबला
बांग्लादेश में एक जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ आम चुनाव हो रहे हैं. मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है. मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी.
10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है जो देश के चुनावी इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी तैनाती है. कुल 50 राजनीतिक दलों के 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. BNP ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं. चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं.
मोहम्मद यूनुस ने की शांति,संयम की अपील
यूनुस ने कहा है कि वह शीघ्र ही सत्ता निर्वाचित सरकार को सौंप देंगे. उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित पक्षों से मतदान के दिन संयम, सहिष्णुता और लोकतांत्रिक व्यवहार बनाए रखने की अपील की है. मतदान की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में मुख्य चुनाव आयुक्त ए एम एम नासिरुद्दीन ने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की. उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि 45 देशों और संगठनों के प्रतिनिधि चुनावों पर नजर रख रहे हैं, जिनमें चुनाव प्रबंधन निकाय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं शामिल हैं.
मतदान के लिए पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त
सरकारी समाचार एजेंसी BNS ने चुनाव आयुक्त अब्दुर आर मछुद के हवाले से बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 9 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में बख्तरबंद वाहन (एपीसी) और त्वरित कार्यबल (आरएटी) तैनात किए हैं.
ड्रोन और ‘बॉडी-वॉर्न कैमरों का किया जा रहा उपयोग
पुलिस के अनुसार, ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 को संवेदनशील बताया गया है. हालांकि सेना ने ढाका शहर में दो मतदान केंद्रों को ‘जोखिमपूर्ण’ बताया है. पहली बार चुनाव में सुरक्षा के लिए ड्रोन और ‘बॉडी-वॉर्न कैमरों’ (कपड़ों पर लग सकने वाले कैमरे) का उपयोग किया जा रहा है.
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं में से 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं. पहली बार करीब 8 लाख पंजीकृत प्रवासी बांग्लादेशी आईटी आधारित डाक मतपत्र प्रणाली के माध्यम से मतदान कर सकेंगे.




