Saturday, May 16, 2026
HomeLatest NewsFlood in Jammu and Kashmir: अमित शाह ने जम्मू में बाढ़ प्रभावित...

Flood in Jammu and Kashmir: अमित शाह ने जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया, पीड़ितों को राहत का आश्वासन दिया

गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, पीड़ितों से मुलाकात की और राहत-पुनर्वास का आश्वासन दिया। शाह ने मांगूचक गांव और तवी पुल का निरीक्षण किया। बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन से जम्मू-कश्मीर में भारी नुकसान हुआ है, जिसमें 130 से अधिक मौतें हुईं।

Flood in Jammu and Kashmir: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित जम्मू का दौरा किया और कुछ पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें राहत एवं पुनर्वास मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि शाह के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला एवं जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा भी थे और उन्हें जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी दी।

शाह बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का आकलन करने के लिए रविवार रात जम्मू पहुंचे थे। राजभवन में आगंतुकों से मिलने के बाद वह स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए जम्मू हवाई अड्डे के पास स्थित एवं बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित गांवों में से एक मांगूचक के लिए रवाना हुए। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें उचित राहत एवं पुनर्वास मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया। शाह बिक्रम चौक के पास तवी पुल पर रुके और नदी के किनारे हुए नुकसान का निरीक्षण किया।

शाह ने जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया

मांगूचक निवासी भान सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, गृह मंत्री मेरे घर आए और राहत का आश्वासन दिया… पिछले सप्ताह आई बाढ़ के बाद मेरे घर में कुछ भी नहीं बचा है। अधेड़ उम्र के सिंह ने कहा कि उन्होंने जिंदगी में ऐसी बाढ़ कभी नहीं देखी। एक अन्य निवासी चैन दास ने कहा कि बाढ़ में पूरा गांव डूब गया लेकिन वह भाग्यशाली थे कि वह बच गए। उन्होंने कहा, हमें खुशी है कि गृह मंत्री हमारे घर आए और स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्राधिकारी पानी निकलवा देंगे और ऐसे कदम उठाएंगे कि बाढ़ दोबारा न आए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक गोलाकार सड़क के निर्माण के कारण उनके गांव में बाढ़ आ गई। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करने के बाद शाह राजभवन लौट आए जहां उन्होंने एक बैठक की अध्यक्षता की जिसमें सिन्हा, अब्दुल्ला, शर्मा, पुलिस महानिदेशक और केंद्र एवं केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के कई अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि शाह अचानक आई बाढ़ से सीमा सुरक्षा ग्रिड को हुए नुकसान की भी समीक्षा करेंगे।

बादल फटने, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ में 14 अगस्त से किश्तवाड़, कठुआ, रियासी और रामबन जिलों में 130 से अधिक लोग मारे गए हैं और 33 लोग लापता हैं। मृतकों में 34 तीर्थयात्री भी शामिल हैं, जो 26 अगस्त को माता वैष्णो देवी मंदिर जाते समय भूस्खलन की चपेट में आ गए थे। जम्मू और अन्य मैदानी भागों के निचले इलाकों में 26-27 अगस्त को मूसलाधार बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई थी जिससे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

जम्मू-कश्मीर में इस बार मानसून में बारिश का अप्रत्याशित प्रकोप देखने को मिला है। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक जम्मू में 24 घंटों में 380 मिमी बारिश दर्ज की गई जो 1910 में वेधशाला की स्थापना के बाद से शहर में दर्ज की गई सबसे अधिक बारिश है। मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि उधमपुर में इसी 24 घंटे की अवधि में सबसे अधिक 630 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इससे पहले सबसे अधिक 342 मिमी बारिश दर्ज की गई थी जो 31 जुलाई, 2019 को हुई थी।

गृह मंत्री का तीन महीने में जम्मू का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले, उन्होंने 29 मई को जिले का दौरा किया था। इससे करीब तीन सप्ताह पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल के पहलगाम हमले के प्रतिशोध में सीमा पार आतंकवादी ढांचों पर मिसाइल हमले किए थे। पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किश्तवाड़ जिले के चशोती गांव में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए 24 अगस्त को जम्मू का दौरा किया था। मचैल माता मंदिर के रास्ते में स्थित गांव का दौरा करने की सिंह की योजना खराब मौसम और पद्दार उप-मंडल में भूस्खलन से सड़क के अवरुद्ध होने के कारण रद्द हो गई थी। अगस्त में चशोती में अचानक आई बाढ़ में 65 लोग मारे गए, 100 से अधिक घायल हो गए और 32 अन्य लापता हो गए।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular