Rohit Sharma Retirement : नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। ऐसी अटकलों के बीच पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने उम्मीद जताई है कि रोहित अपने आलोचकों को शतक के साथ करारा जवाब देंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने रोहित को संकेत दे दिया है कि 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं में उन्हें शामिल नहीं किया जाएगा।

रोहित शर्मा को यादगार पारी खेलनी चाहिए : पार्थिव पटेल
इसी वजह से माना जा रहा है कि लॉर्ड्स वनडे के बाद रोहित संन्यास की घोषणा कर सकते हैं या फिर उन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है। रोहित पहले ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। पार्थिव पटेल का मानना है कि रोहित बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और खराब फॉर्म के बाद दमदार वापसी करना उनकी पहचान रही है। उन्होंने कहा कि अगर यह वास्तव में रोहित का आखिरी मैच है, तो वह ऐसी यादगार पारी खेल सकते हैं जिसे क्रिकेट प्रशंसक लंबे समय तक याद रखेंगे।
वह पहले ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। पटेल ने जियोस्टार से कहा, अगर लॉर्ड्स में खेला गया वनडे मैच वाकई रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच है, तो वह शतक के साथ विदाई लेना चाहेंगे। वह ऐसा करने में पूरी तरह सक्षम हैं। हमने उनके पूरे करियर में देखा है कि दो-तीन मैच में कम स्कोर बनाने के बाद वह अक्सर बड़ा स्कोर बनाते हैं। रोहित ने दूसरे वनडे में 47 गेंद पर 26 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।

आलोचकों को जवाब देने का सुनहरा मौका
पटेल ने कहा, विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच हमेशा से ही निरंतरता का अंतर रहा है। रोहित हर मैच में बड़ा स्कोर नहीं बनाते, लेकिन जब भी बनाते हैं तो दमदार पारी खेलते हैं। इस मैच में वह सहज नहीं दिखे। पटेल ने स्वीकार किया कि कार्डिफ में पिच की अनियमित उछाल से रोहित परेशान थे और किसी भी समय लय हासिल नहीं कर सके। उन्होंने कहा, यह उनके लिए अपने आलोचकों को चुप कराने का एक और मौका है। वह पहले भी कई बार ऐसा कर चुके हैं। अगर लॉर्ड्स वनडे वास्तव में उनका आखिरी मैच है तो मुझे उम्मीद है कि वह ऐसी पारी खेलेंगे जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।



