Wednesday, July 16, 2025
Home Blog Page 311

Ratan Tata Death News: रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र में एक दिन का शोक, आज मुंबई के वर्ली में राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

मुंबई, महाराष्ट्र सरकार ने उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को राज्य में एक दिन के शोक की घोषणा की है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हवाले से एक बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र में सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्र ध्वज 10 अक्टूबर को शोक के प्रतीक के रूप में आधा झुका रहेगा.बयान में कहा गया है कि गुरुवार को कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा.

मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था निधन

टाटा समूह को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित समूह में बदलने का श्रेय रतन टाटा को जाता है. उनका बुधवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह कुछ समय से बीमार थे.देर रात करीब 2 बजे के बाद उनके पार्थिव शरीर को ब्रीच कैंडी अस्पताल से बाहर लाया गया और एंबुलेंस से दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित उनके आवास पहुंचाया गया. टाटा के निधन की खबर के बाद अस्पताल पहुंचने वालों में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर और उद्योगपति मुकेश अंबानी शामिल थे.

NCPA में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.

टाटा का पार्थिव शरीर आज सुबह 10 बजे से दिन में 3.30 बजे तक दक्षिण मुंबई में नरीमन प्वाइंट स्थित नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. दक्षिण क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख ने कहा कि श्रद्धांजलि स्थल पर वाहनों की पार्किंग की कोई सुविधा नहीं है इसलिए लोगों को अपने वाहन किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर छोड़कर आना होगा.उन्होंने NCPA आने वाले लोगों से अपने वाहनों के लिए पार्किंग की खुद व्यवस्था करने और सहयोग करने की अपील की.

कई गणमान्य विशिष्ट लोगों (वीआईपी) के आने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की.टाटा का अंतिम संस्कार आज मुंबई के वर्ली इलाके में किया जाएगा.

Ratan Tata Death News: रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमित शाह, सीतारमण समेत इन केंद्रीय मंत्रियों ने जताया शोक

नई दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्योगपति रतन टाटा के अंतिम संस्कार में गुरुवार को शामिल होंगे. सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार की ओर से शाह रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. गृह मंत्री उद्योगपति के अंतिम संस्कार के लिए मुंबई जाएंगे क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए लाओस जा रहे हैं.

पीएम मोदी ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण व्यक्ति बताया था. मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘श्री रतन टाटाजी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था.वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे.’’

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जताया शोक

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज एवं टाटा ग्रुप के मानद अध्यक्ष के निधन पर गुरुवार को शोक जताया और कहा कि उन्होंने समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी है. सीतारमण ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘श्री रतन टाटा के निधन से दुःखी हूं. वह एक उत्कृष्ट नेता, दूरदर्शी उद्योगपति और परोपकारी व्यक्ति थे, जिनके योगदान ने हमारे समाज पर अमिट छाप छोड़ी है.” नवाचार, व्यवसाय में भी नैतिकता का पालन करने वाले और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति उनके गहरे संकल्प ने उद्योगों को बदल दिया और समुदायों के उत्थान का काम किया.उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके परिवार, मित्रों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिनके जीवन को उन्होंने संवारा। उनकी उल्लेखनीय विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी.”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जताया शोक

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ‘दूरदर्शी’ उद्योगपति एक सच्चे ‘राष्ट्रवादी’थे.गोयल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”सच्चे राष्ट्रवादी और दूरदर्शी उद्योगपति रतन टाटा जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं, जिन्होंने टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और अपनी असाधारण उपलब्धियों के माध्यम से भारत को अपार गौरव दिलाया.”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जताया शोक

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें ‘‘देश का महान सपूत’’ बताया। गडकरी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रतन टाटा के साथ मेरे तीन दशकों से घनिष्ठ पारिवारिक संबंध थे.’’

भारत ने खोया अपना रत्न : 86 साल की उम्र में उद्योगपति रतन टाटा का निधन

Ratan Tata Health Update
Ratan Tata Health Update

मुंबई। टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा का 86 साल की उम्र में बुधवार रात निधन हो गया। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। बढ़ती उम्र से जुड़ी तकलीफों के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रतन टाटा ने मार्च 1991 से दिसंबर 2012 तक टाटा समूह की अगुवाई की। टाटा समूह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उन्होंने टाटा ग्रुप को नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक बनाने वाली कंपनी बनाया। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने कई बड़ी कंपनियों का अधिग्रहण किया।

टाटा समूह आज देश के सबसे बड़े औद्योगिक घरानों में से एक है। दो दिन पहले ही रतन टाटा ने अपनी सेहत को लेकर चल रही अटकलों को खारिज किया था। 7 अक्टूबर को खबरें आई थीं कि टाटा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन टाटा ने बताया था कि वह अपनी उम्र संबंधी परेशानियों के इलाज के लिए अस्पताल गए हैं। उन्होंने लोगों से कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है। टाटा ने बयान जारी कर कहा, ‘मैं अपनी उम्र और उससे जुड़ी बीमारियों के कारण नियमित मेडिकल जांच करवा रहा हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मेरा मनोबल ऊंचा है।’ उन्होंने लोगों और मीडिया से अपील की थी कि वे अफवाहें न फैलाएं।

उनका जन्म 28 दिसंबर 1937 को हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका की कॉर्नेल यूनिवर्सिटी से आर्किटेक्चर और स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। 1962 में टाटा समूह में शामिल होने से पहले रतन टाटा ने अमेरिका में कुछ समय तक काम किया। 1981 में उन्हें टाटा इंडस्ट्रीज का चेयरमैन बनाया गया। 1991 में जेआरडी टाटा के रिटायरमेंट के बाद रतन टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला।

दुनिया में अपने काम से जमाई धाक

रतन टाटा ने अपने नेतृत्व में टाटा समूह को एक नई पहचान दी। उन्होंने कई बड़ी विदेशी कंपनियों का अधिग्रहण किया, जिसमें टेटली, जगुआर लैंड रोवर और कोरस जैसी कंपनियां शामिल हैं। उनके नेतृत्व में टाटा समूह दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बन गया। रतन टाटा को उनके सामाजिक कार्यों के लिए भी जाना जाता था। वह टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन थे, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में काम करता है। रतन टाटा को उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।

चार बार शादी के करीब पहुंचे, घर बसाया नहीं

रतन टाटा ने 2011 में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि मैं चार बार शादी करने के करीब पहुंचा, लेकिन हर बार डर के कारण या किसी न किसी कारण से मैं पीछे हट गया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, लॉस एंजिल्स में काम करते समय उन्हें एक लड़की से प्यार हो गया था और उन्हें भारत लौटना पड़ा क्योंकि उनके परिवार का कोई सदस्य बीमार था। लड़की के माता-पिता ने उसे भारत जाने की अनुमति नहीं दी।

पीएम मोदी बोले- असाधारण स्थान थे

पीएम नरेंद्र मोदी ने रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, रतन टाटा दूरदर्शी बिजनेस लीडर, एक दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान थे। उन्होंने भारत के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। साथ ही, उनका योगदान बोर्डरूम से कहीं आगे तक गया। उन्होंने अपनी विनम्रता, दयालुता और हमारे समाज को बेहतर बनाने के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता के कारण कई लोगों को अपना मुरीद बना लिया।

ICC T20 Rankings: अर्शदीप ने टॉप 10 में बनाई जगह, हार्दिक पांड्या ने लगाई लंबी छलांग, ऑलराउंडर की लिस्ट में इस स्थान पर पहुंचे

दुबई, भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में जगह बनाते हुए आठवें पायदान पर पहुंच गए. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने पिछले रविवार को ग्वालियर में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे. वह 642 रेटिंग अंकों के साथ 8 पायदान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गए. वह शीर्ष 10 में शामिल एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं.इंग्लैंड के आदिल राशिद सबसे छोटे प्रारूप में शीर्ष रैंकिंग वाले गेंदबाज बने हुए हैं जबकि वेस्टइंडीज के अकील हुसैन दूसरे और अफगानिस्तान के राशिद खान तीसरे स्थान पर हैं.

अर्शदीप सिंह ने शीर्ष 10 में बनाई जगह

ICC ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘ताजा रैंकिंग अपडेट में अर्शदीप को भी काफी फायदा हुआ है, बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने टी20 गेंदबाजों की अपडेट की गई सूची में 8 पायदान की छलांग लगाई है और बांग्लादेश के खिलाफ 3 विकेट लेने के बाद अपने करियर की सर्वोच्च रेटिंग हासिल की है.’’

ऑलराउंडरों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंचे हार्दिक पंड्या

बांग्लादेश के खिलाफ 16 गेंद में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन की पारी खेलने वाले हार्दिक पंड्या बल्लेबाजों की सूची में 7 पायदान ऊपर चढ़कर 60वें स्थान पर पहुंच गए. इस शीर्ष भारतीय ऑलराउंडर ने 26 रन देकर एक विकेट भी चटकाया और ऑलराउंडरों की सूची में 4 पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए. इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष पर हैं और नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी दूसरे स्थान पर हैं.

बल्लेबाजों की सूची में यशस्वी जायसवाल 5वें स्थान पर

भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजों की सूची में एक पायदान नीचे पांचवें स्थान पर आ गए. उन्हें पाकिस्तान के बाबर आजम ने पीछे छोड़ दिया.जायसवाल बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 मैच की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं.वाशिंगटन सुंदर ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है और वह टी20 गेंदबाजों की सूची में 4 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

Nobel Prize 2024: केमिस्ट्री के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, डेविड बेकर, डेमिस हस्साबिस और जॉन जंपर को मिला सम्मान, जानें उपलब्धि

स्टॉकहोम, रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार इस साल डेविड बेकर, डेमिस हस्साबिस और जॉन जंपर को प्रोटीन पर उनके अनुसंधान के लिए प्रदान किया जाएगा. रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेस के महासचिव हैंस एलेग्रेन ने बुधवार को उनके नाम की घोषणा की. बेकर सिएटल में यूनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन में जबकि हस्साबिस और जंपर लंदन में गूगल डीपमाइंड संस्थान में काम करते हैं.

प्रोटीन पर रिसर्च के लिए नोबेल

नोबेल समिति ने कहा कि 2003 में बेकर ने एक नया प्रोटीन डिजाइन किया था और तब से उनके अनुसंधान समूह ने एक के बाद एक कल्पनाशील प्रोटीन का निर्माण किया है, जिसमें ऐसे प्रोटीन शामिल हैं जिनका उपयोग फार्मास्यूटिकल्स, टीकों, नैनोमैटेरियल और छोटे सेंसर के रूप में किया जा सकता है. वहीं हस्साबिस और जंपर ने एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) मॉडल तैयार किया जो लगभग उन सभी 20 करोड़ प्रोटीन की संरचना का पूर्वानुमान व्यक्त करने में सक्षम है जिनकी पहचान अनुसंधानकर्ताओं ने की है.

पिछले साल 3 वैज्ञानिकों को मिला था केमिस्ट्री का नोबेल

पिछले वर्ष रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के 3 वैज्ञानिकों मौंगी बावेंडी, लुई ब्रूस और एलेक्सी एकिमोव को सूक्ष्म ‘क्वांटम डॉट्स’ पर उनके काम के लिए प्रदान किया गया था.

अब तक इन क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार का हो चुका ऐलान

इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार से शुरू हुई। माइक्रो आरएनए की खोज के लिए अमेरिकी वैज्ञानिकों विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार प्रदान किये जाने की घोषणा सोमवार को की गई. मंगलवार को जॉन होपफील्ड और ज्योफ्री हिंटन को मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने वाली खोजों के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई.

कल साहित्य के क्षेत्र में नोबेल का होगा ऐलान

गुरुवार को साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की जाएगी. शांति के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के लिए यह घोषणा 14 अक्टूबर को की जाएगी.नोबेल पुरस्कार के तहत 1.1 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (करीब 10 लाख अमेरिकी डॉलर) राशि प्रदान की जाएगी.विजेताओं को पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर पर एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा.

डांडिया महोत्सव-2024 : जागो इंडिया जागो बनेगा भागीदार, 11 अक्टूबर को सजेगी शाम तो 12 को होगा रावण दहन, मां दुर्गा की आराधना, डांडिया-गरबे संग करेंगे साधना

जयपुर के मानसरोवर इलाके की पत्रकार कॉलोनी में रहने वाले क्षेत्रवासियों के लिए 11 अक्टूबर की शाम फिर से यादगार होने वाली है. पिछले साल के धमाकेदार आयोजन के बाद इस साल भी डांडिया महोत्सव-2024 का आयोजन होने जा रहा है. इसमें शहरवासियों को संस्कृति और परंपरा के अनूठे रंग देखने को मिलेंगे.पत्रकार कॉलोनी क्षेत्रीय संयुक्त महासंघ मानसरोवर और पत्रकार कॉलोनी विकास समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव में जागो इण्डिया जागो भी मीडिया पार्टनर के रूप में भागीदारी निभाएगा.पत्रकार कॉलोनी के बद्रीश्वर महादेव मंदिर पार्क में यह भव्य महोत्सव 11 अक्टूबर शाम 7 बजे शुरू होगा. वहीं महोत्सव के अगले दिन यानी 12 अक्टूबर को रात पौने आठ बजे रावण दहन किया जाएगा.महोत्सव को खास बनाने के लिए मशहूर पार्श्व गायक सोनू निगम की टीम के एंकर अभिषेक भारद्वाज मुंबई से आएंगे और अपनी जोशीली आवाज से जादू बिखेरेंगे.

लकी ड्रॉ होगा मुख्य आकर्षण

महोत्सव का मुख्य आकर्षण लकी ड्रॉ होगा, जिसमें भागीदारी निभाने वालों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे. इसके लिए डांडिया स्थल पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करके जानकारी भरनी होगी. इसके बाद प्राप्त नंबरों में से विजेताओं का चयन किया जाएगा और उन्हें सरप्राइजिंग अवार्ड्स दिए जाएंगे.

ITBP Constable Recruitment 2024: 10वीं पास के लिए ITBP में नौकरी पाने का सुनहरा मौका, इस तारीख से पहले करें अप्लाई

इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) ने कांस्टेबल ड्राइवर के पदों पर वैकेंसी निकाली है. इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2024 से शुरू हो चुकी है. योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट recruitment.itbpolice.nic.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं. इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 545 पदों पर नियुक्ति की जाएगी.

ITBP Constable Recruitment 2024 : आवेदन की लास्ट डेट

इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस की इस वैकेंसी के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 6 नवंबर 2024 तय की गई है. उम्मीदवार इस बात का ध्यान रखें की इस भर्ती के लिए सिर्फ पुरुष कैंडिडेट ही आवेदन कर सकते हैं.

ITBP Constable Recruitment 2024 : शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस की इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले कैंडिडेट की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है. हालांकि आरक्षित श्रेणियों को उम्र में छूट मिलेगी. वहीं शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आवेदन करने वाला कैंडिडेट 10वीं पास होना चाहिए. साथ ही भारी वाहन चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस होना भी अनिवार्य है.

ITBP Constable Recruitment 2024 : आवेदन शुल्क

इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस की इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले सामान्य, OBC और EWS श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये आवेदन शुल्क है. जबकि अनुसूचित जाति SC, अनुसूचित जनजाति(ST) और भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं है.

ITBP Constable Recruitment 2024 Notification

इस खबर को भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 1 हजार से ज्यादा पदों पर निकली वैकेंसी

Rahul Gandhi की नागरिकता मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई, कोर्ट ने दस्तावेज पेश करने के लिए सुब्रमण्यम स्वामी को दिया समय, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली, दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की नागरिकता के मुद्दे पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में लंबित याचिका की एक प्रति दाखिल करने के लिए समय दिया.स्वामी ने अदालत को बताया कि उन्होंने याचिका की प्रति प्राप्त कर ली है और इस मामले में की गईं प्रार्थनाएं उनकी दलीलों से भिन्न हैं.

6 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश मनमोहन और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की पीठ ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह पिछले आदेश के अनुपालन में दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप में दाखिल करें तथा उनकी याचिका पर अगली सुनवाई 6 नवंबर को तय की है.

सुब्रमण्यम स्वामी ने याचिका में की है ये मांग

पीठ स्वामी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्होंने गृह मंत्रालय को राहुल गांधी की भारतीय नागरिकता रद्द करने की मांग वाली उनकी याचिका पर निर्णय लेने का निर्देश देने का अनुरोध किया था.स्वामी ने अपनी याचिका में गृह मंत्रालय को यह निर्देश देने का भी अनुरोध किया कि वह लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी के खिलाफ उनके द्वारा दायर किए गए अभ्यावेदन पर स्टेट्स रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश देने की मांग की. शुरुआत में स्वामी ने दलील दी कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय में लंबित मामले का उनके मामले से कोई लेना-देना नहीं है और प्रार्थनाएं पूरी तरह से अलग हैं.इस पर पीठ ने कहा, “ठीक है, हम देखेंगे.”

दिल्ली हाईकोर्ट ने कही थी ये बात

इससे पहले, न्यायालय ने याचिकाकर्ता को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दायर याचिका की प्रति प्राप्त करने के लिए समय दिया था. दिल्ली हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता सुब्रमण्यम स्वामी से कहा था कि 2 अदालतों के लिए एक ही मुद्दे पर सुनवाई करना उचित नहीं होगा. यह याचिका बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से दायर की गई है. स्वामी ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया है कि राहुल गांधी के पास ब्रिटेन की नागरिकता है. उनके पास ब्रिटिश पासपोर्ट है. उन्होंने इस मामले में गृह मंत्रालय से कदम उठाने की मांग की है.

PM Modi ने महाराष्ट्र को दी 7,600 करोड़ की सौगात, 10 मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन, कई परियोजनों की रखी आधारशिला

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र में 7,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और महाराष्ट्र स्थित 10 सरकारी मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया. वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने नागपुर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के उन्नयन और शिरडी एयरपोर्ट पर नए एकीकृत टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी और मुंबई में निर्मित भारतीय कौशल संस्थान और विद्या समीक्षा केंद्र महाराष्ट्र का उद्घाटन किया.

अधिकारियों के मुताबिक डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट नागपुर के उन्नयन की परियोजना विनिर्माण, विमानन, पर्यटन, रसद और स्वास्थ्य सेवा सहित कई क्षेत्रों में विकास के लिए उत्प्रेरक का काम करेगी, जिससे नागपुर शहर और व्यापक विदर्भ क्षेत्र को लाभ होगा.

शिरडी एयरपोर्ट पर बनने वाले एकीकृत टर्मिनल की रखी आधरशिला

उनके मुताबिक प्रधानमंत्री ने शिरडी एयरपोर्ट पर 645 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले जिस नए एकीकृत टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी, उससे शिरडी आने वाले धार्मिक पर्यटकों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं और सुख-सुविधाएं मिलेंगी. प्रस्तावित टर्मिनल के निर्माण की थीम साईं बाबा के आध्यात्मिक नीम के पेड़ पर आधारित है.

10 सरकारी मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए जिन 10 सरकारी मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया वह मुंबई, नासिक, जालना, अमरावती, गढ़चिरौली, बुलढाणा, वाशिम, भंडारा, हिंगोली और अंबरनाथ (ठाणे) में स्थित हैं. अधिकारियों के मुताबिक ये कॉलेज स्नातक और स्नातकोत्तर सीटों को बढ़ाने के साथ-साथ, लोगों को विशेष तृतीयक स्वास्थ्य सेवा भी प्रदान करेंगे.

भारतीय कौशल संस्थान का उद्देश्य

प्रधानमंत्री ने जिस भारतीय कौशल संस्थान (आईआईएस) का उद्घाटन किया उसका उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ उद्योग के लिए कुशल कार्यबल तैयार करना है. सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत स्थापित, यह टाटा एजुकेशन एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट और भारत सरकार के बीच एक सहयोग है. संस्थान मेक्ट्रोनिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता(AI),डेटा एनालिटिक्स, औद्योगिक स्वचालन और रोबोटिक्स जैसे अत्यधिक विशिष्ट क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना बना रहा है.

अधिकारियों के मुताबिक विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) छात्रों, शिक्षकों और प्रशासकों को स्मार्ट उपस्थिति, स्वाध्याय जैसे लाइव चैटबॉट के माध्यम से महत्वपूर्ण शैक्षणिक और प्रशासनिक डेटा तक पहुंच प्रदान करेगा.अधिकारियों ने बताया कि यह स्कूलों को संसाधनों का प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने, अभिभावकों और राज्य के बीच संबंधों को मजबूत करने और उत्तरदायी सहायता प्रदान करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली जानकारियां प्रदान करेगा. उनके मुताबिक यह शिक्षण के तौर तरीकों और छात्रों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए तैयार किए गए निर्देशात्मक संसाधन भी प्रदान करेगा.

Met Gala 2025: Bollywood Celebrities जिसने लूटी महफ़िल – शाहरुख, आलिया और भी कई सितारे ₹25,000 के अंदर बेस्ट Phones: Top 7 Smartphones with Best Features & Performance! महाशिवरात्रि 2025: जानिए पूजा विधि, मंत्र जाप और रहस्यमयी महत्व Naga Sadhu Facts: नागा साधुओं के बारे में 7 रोचक तथ्य: रहस्य, साधना और जीवनशैली Best Indoor Cat Breeds- सबसे अच्छी इनडोर बिल्लियाँ