Saturday, May 16, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान के बाद अब छत्तीसगढ़ में भाजपा की परिवर्तन यात्रा,आज से होगी...

राजस्थान के बाद अब छत्तीसगढ़ में भाजपा की परिवर्तन यात्रा,आज से होगी यात्रा की शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा आज से ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत कर रही है. भाजपा नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा 87 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और इस दौरान पार्टी राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के कथित भ्रष्टाचार को तथा केंद्र की जन कल्याणकारी योजनाओं को जानता के सामने रखेगी.भाजपा नेताओं ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर बाद दंतेवाड़ा (दक्षिण छत्तीसगढ़) में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके बाद अमित शाह वहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे. उन्होंने बताया कि दूसरी ‘परिवर्तन यात्रा’ को 15 सितंबर को जशपुर (उत्तरी छत्तीसगढ़) में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे.

भाजपा ने वाहनों की पूजा की

सोमवार को भाजपा नेताओं व भाजपा की राज्य इकाई के प्रभारी ओम माथुर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में यात्रा के लिए लाए गए वाहनों की पूजा की. उन्होंने बताया कि यह वही बस है जिसका उपयोग भाजपा ने 2018 के विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में अपनी ‘विकास यात्रा’ के लिए किया था. तब पार्टी सत्ता में थी. भाजपा नेताओं ने बताया कि बस में सीसीटीवी कैमरे, एलईडी स्क्रीन, यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं हैं. भगवा रंग में रंगी बस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता नारायण चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे और लता उसेंडी की तस्वीरें हैं.

यात्रा रचेगी एक नया इतिहास

भाजपा नेता ओम माथुर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जन जागरुकता बढ़ाने और कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए 12 सितंबर और 15 सितंबर को दंतेवाड़ा और जशपुर से दो परिवर्तन यात्राएं निकाली जाएंगी. इसके अलावा, हम लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराएंगे तथा केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बैठकें करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ में एक नया इतिहास रचेगी.

2989 किलोमीटर की दूरी तय करेगी परिवर्तन यात्रा

साव ने बताया कि पहली यात्रा 16 दिन में बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभागों में 1,728 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जबकि दूसरी यात्रा 13 दिन में बिलासपुर और सरगुजा संभागों में 1,261 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. दोनों यात्राओं के दौरान 84 सार्वजनिक सभायें, 85 स्वागत सभाएं और सात रोड शो होंगे. यात्रा 87 विधानसभा क्षेत्रों (कुल 90 में से) में 2,989 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बिलासपुर में समाप्त होंगी.

समापन समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी !

साव ने बताया कि समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि बीजापुर, सुकमा और अंतागढ़ निर्वाचन क्षेत्रों (सभी माओवाद प्रभावित) को यात्रा कार्यक्रम में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन जब यात्रा आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों से गुजरेगी तो इन निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित लोग यात्रा में शामिल होंगे. साव ने बताया कि केंद्र और छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता यात्राओं में भाग लेंगे. उन्होंने कहा, ‘राज्य के वरिष्ठ नेता दो-दो दिन के लिए दोनों यात्राओं में शामिल होंगे।’ भाजपा 15 वर्ष तक सत्ता में रहने के बाद 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से हार गई थी। कांग्रेस को 68 सीट पर तथा भाजपा को 15 सीट पर जीत मिली थी. निर्वाचन आयोग ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अभी तक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है. भाजपा ने पिछले महीने 21 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular