Jaipur Nagar Nigam Acb Trap: जयपुर नगर निगम में घूसखोरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(ACB) का बड़ा एक्शन देखने को मिला है. जहां ACB ने जमादार रामसिंह को 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने परिवादी से पट्टा जारी करने की एवज में कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी.
पट्टा जारी करने के एवज में मांगी थी 2 लाख की घूस
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर निगम में पट्टा जारी करने के बदले जमादार रामसिंह 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है. शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.
आरोपी से पूछताछ शुरू
यह पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के DIG ओम प्रकाश मीणा के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में की गई. ट्रैप के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस मामले में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं.
राजस्थान में लगातार ACB कर रही कार्रवाई
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजस्थान में एसीबी लगातार भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रही है. सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से ब्यूरो द्वारा लगातार ट्रैप की कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई को भी उसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में मानसून की एंट्री, अगले एक सप्ताह तक इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट



