Abhijeet Dipke Announces Indefinite Hunger Strike: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनिश्चितकालीन अनशन के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने पर शनिवार तड़के जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. जिसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की. दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैं अभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं.”
दिल्ली पुलिस ने कही ये बात
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सकों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया.पुलिस ने कहा कि यह कदम उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया. बता दें कि अनशन के दौरान सोनम वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ रही थी. बताया गया है कि उनका वजन करीब 9.5 किलोग्राम कम हो चुका है.
पुलिस पर लगाए मारपीट और हिरासत के आरोप
वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की, गालियां दी, मारपीट की और उन्हें हिरासत में लिया.
जंतर मंतर पर आंदोलन जारी
सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है. ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 28 जून से कॉजपा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन अनशन पर थे.



