Sunday, May 24, 2026
HomeLatest Newsमौनी अमावस्या पर संगम में आस्था का सैलाब: प्रयागराज माघ मेले में...

मौनी अमावस्या पर संगम में आस्था का सैलाब: प्रयागराज माघ मेले में सुबह 8 बजे तक 1.3 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

माघ मेले के पावन अवसर पर मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार सुबह आठ बजे तक करीब 1.3 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

प्रयागराज: माघ मेले के पावन अवसर पर मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार सुबह आठ बजे तक करीब 1.3 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

मेला प्रशासन के अनुसार, शनिवार रात 12 बजे के बाद से ही स्नानार्थियों का गंगा और संगम क्षेत्र में पहुंचना लगातार जारी रहा। इससे पहले मकर संक्रांति पर 1.03 करोड़ और एकादशी के दिन लगभग 85 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी।

मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में रास्तों को स्पष्ट दिखाने के लिए खंभों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए हैं, जबकि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 800 हेक्टेयर में फैला माघ मेला सात सेक्टरों में विभाजित है। स्वच्छता के लिए 25,000 से अधिक शौचालय बनाए गए हैं और 3,500 से ज्यादा सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। अल्प अवधि के कल्पवास के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए विशेष टेंट सिटी भी विकसित की गई है, जहां ध्यान, योग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा सुगम आवागमन के लिए बाइक टैक्सी और गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की गई है।

पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) नीरज पांडेय ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 42 अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक वाहनों के खड़े होने की क्षमता है।

उन्होंने बताया कि माघ मेला 2025-26 के लिए कुल 12,100 फुट लंबे घाटों का निर्माण किया गया है, जहां श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular