Hydrogen Fuel Cell Train : चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से भारत की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली यह स्वदेशी ट्रेन स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में बड़ा कदम है। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ऊर्जा से संचालित ट्रेन चलाने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा। प्रधानमंत्री जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुरुआत करेंगे। वह इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शुक्रवार को जींद के दौरे के बाद मोदी दोपहर में चंडीगढ़ भी जाएंगे, जहां वह 4,700 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वह इस मौके पर लोगों को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद, वह पंजाब के जालंधर जाएंगे, जहां वह 5,470 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे।

भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी
हरियाणा के अपने दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री जींद और सोनीपत (89 किलोमीटर का रूट) के बीच भारत की पहली, हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह रेलवे सेक्टर में साफ-सुथरी और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था अपनाने की दिशा में एक अहम कदम होगा। भारत में डिजाइन, इंजीनियरिंग और एकीकृत रूप से विकसित की गई यह ट्रेन स्वदेशी तकनीक पर आधारित है, जो उन्नत रेल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमता और आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।
यह ट्रेन ‘हाइड्रोजन फ्यूल सेल’ तकनीक से चलती है, जो ट्रेन को आगे बढ़ाने के लिए हाइड्रोजन को बिजली में बदलती है। इस प्रक्रिया में अवशेष के तौर पर सिर्फ जल-वाष्प निकलती है, जिसके दौरान कार्बन का उत्सर्जन बिल्कुल नहीं होता है। जींद में, मोदी हरियाणा में 12,470 करोड़ रुपये से ज्यादा की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे।



