नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटनाक्रम सामने आया। खरनाल क्षेत्र स्थित नीलकंठ होटल में कथित तौर पर मजाक के दौरान देशी कट्टे से चली गोली होटल संचालक रामदास उर्फ रामकुमार के सीने में जा लगी। गंभीर रूप से घायल रामकुमार को इलाज के लिए पहले नागौर और फिर जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। महिपाल बिश्नोई नाम का युवक नीलकंठ होटल पर खाना खाने पहुंचा था। भोजन के बाद होटल संचालक और महिपाल के बीच बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी दौरान महिपाल कथित तौर पर अपने पास मौजूद देशी कट्टा दिखा रहा था। अचानक कट्टे से गोली चल गई, जो सीधे रामकुमार के सीने में लग गई।
गोली लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल रामकुमार को तुरंत नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर ले जाते समय खींवसर के पदमसर चौराहे के पास एंबुलेंस के सामने अचानक एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस पलट गई। हादसे में पहले से घायल रामकुमार के अलावा रणजीत कुमार, रामप्रसाद और एंबुलेंस चालक राकेश भी घायल हो गए। सभी को तत्काल खींवसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रामकुमार ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना के तुरंत बाद आरोपी महिपाल बिश्नोई मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। नागौर, जोधपुर ग्रामीण और फलोदी जिले के सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फायरिंग दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटनाक्रम ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पहले गोली लगने और फिर अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस दुर्घटना ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।



