Saturday, August 1, 2026
HomeIndiaजंतर-मंतर विवाद: पीएम मोदी पर कथित टिप्पणी मामले में रुचिका सिंह का...

जंतर-मंतर विवाद: पीएम मोदी पर कथित टिप्पणी मामले में रुचिका सिंह का माफीनामा वीडियो वायरल!

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर विवादों में आई छात्रा रुचिका सिंह का माफी मांगते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए देश से माफी मांगी है। वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस जांच अभी जारी है।

नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे)। जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों में आई छात्रा रुचिका सिंह का एक माफी मांगते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रुचिका कथित टिप्पणी पर पछतावा जताते हुए पूरे देश से माफी मांगती नजर आ रही हैं। वहीं, इस मामले में पुलिस जांच अभी जारी है।

वीडियो में क्या बोलीं रुचिका सिंह?

वायरल वीडियो में रुचिका सिंह कहती हैं कि उनसे बड़ी गलती हुई है और वह अपने बयान को लेकर माफी मांगती हैं। उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। रुचिका ने वीडियो में दावा किया कि वह 23 जुलाई को अपने दोस्तों के साथ जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल होने गई थीं। उनके अनुसार, वहां मौजूद माहौल और भीड़ के प्रभाव में आकर उन्होंने बिना सोचे-समझे कुछ ऐसा कह दिया, जिसका उन्हें अब पछतावा है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र संगठनों और युवाओं की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें रुचिका सिंह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने कथित बयान की आलोचना की, जबकि कुछ लोगों ने वीडियो की पूरी जांच की मांग भी उठाई।

जीरो FIR दर्ज, दिल्ली पुलिस कर रही जांच

मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद जीरो FIR दर्ज की गई। इसके बाद केस को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया गया। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता, पूरे घटनाक्रम और प्रदर्शन के दौरान हुई गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होगी।

माफी वीडियो के बाद फिर शुरू हुई बहस

रुचिका सिंह के माफी वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे गलती स्वीकार करने की पहल बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर दिए गए बयान की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image