Wednesday, July 22, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में मर्सिडीज की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक की मौत, CCTV...

जयपुर में मर्सिडीज की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक की मौत, CCTV में यू-टर्न लेकर लौटी कार…टूटी हेडलाइट खोलेगी ‘मर्सिडीज’ का राज!

जयपुर के मालवीय नगर में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद फरार हुई कार CCTV में दोबारा घटनास्थल की ओर लौटती नजर आई। पुलिस अब टूटी हेडलाइट और CCTV फुटेज के जरिए ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है। लोगों ने कार चलाने वाली युवती होने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

जयपुर(प्रज्ञा पांडे)। राजधानी जयपुर के मालवीय नगर इलाके में हुए दर्दनाक हिट एंड रन मामले में अब एक टूटी हुई हेडलाइट पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गई है। तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मारी और फिर ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। लेकिन जाते-जाते कार का एक हिस्सा सड़क पर छोड़ गया, जो अब उसकी पहचान तक पहुंचाने में मदद कर सकता है। मामला सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे का है। पुलिस के अनुसार, अशोक विहार, जगतपुरा निवासी श्रवण नाथ (40) अपनी एक्टिवा से घरेलू काम के लिए मालवीय नगर की ओर जा रहे थे। जब वे मॉडल टाउन के पास नाबार्ड कॉलोनी के सामने पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार मर्सिडीज कार आई और उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने उन्हें जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसा हुआ…और कार वापस भी आई?


इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा CCTV फुटेज की हो रही है। मृतक के साले विवेक रावल के अनुसार, कैमरे में दिखाई दे रहा है कि खाली सड़क पर चल रहे एक्टिवा सवार को पीछे से तेज रफ्तार कार टक्कर मारती है। फुटेज में कार आगे जाने के बाद अपेक्स सर्किल से यू-टर्न लेकर दोबारा घटनास्थल की ओर आती दिखाई दे रही है। यानी टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने एक बार फिर उसी जगह से गुजरने की कोशिश की। अब सवाल उठ रहे हैं क्या ड्राइवर सिर्फ हालात देखने वापस आया था या फिर कुछ और वजह थी? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा।

हेडलाइट बनी पुलिस की ‘कड़ी’


हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि मर्सिडीज कार एक युवती चला रही थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक ड्राइवर की पहचान की पुष्टि नहीं की है। पुलिस फिलहाल CCTV फुटेज और बरामद हेडलाइट के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद मर्सिडीज की एक तरफ की हेडलाइट टूटकर सड़क पर गिर गई थी। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है।

अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज


मालवीय नगर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image