छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक युवक न्याय की मांग को लेकर हाथ में ‘मैं भी भरत तिवारी, मुझे न्याय दो’ लिखा पोस्टर लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। युवक ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उसके खिलाफ राजनीतिक दबाव में झूठा मामला दर्ज किया गया है और उसे जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
गौरिहार थाना क्षेत्र के मनुरिया गांव निवासी रवि अहिरवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उसने आरोप लगाया कि उसकी शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही है और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान उसने कहा कि उसे निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए। युवक ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है। उसने मध्य प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के भाई अशोक अहिरवार का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। रवि का दावा है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस ने उसके खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया है और उसकी बात को अनसुना किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान युवक ने यह भी आशंका जताई कि उसके साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिया जा सकता है। इसी वजह से वह अपने हाथ में ‘मैं भी भरत तिवारी’ लिखा पोस्टर लेकर अधिकारियों के पास पहुंचा और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उसने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो उसके साथ भी गलत हो सकता है। एसपी कार्यालय में हुए इस प्रदर्शन से कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने युवक की बात सुनी और उसका आवेदन प्राप्त किया। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया।
हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आरोपों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



