नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे)। क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी ऐसे कैच देखने को मिलते हैं, जो लंबे समय तक फैंस के जहन में बने रहते हैं। ‘द हंड्रेड 2026’ में इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी विल जैक्स ने ऐसा ही एक शानदार कैच लपका, जिसे फैंस ‘कैच ऑफ द टूर्नामेंट’ और ‘कैच ऑफ द ईयर’ तक बता रहे हैं। उनके इस शानदार कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मुकाबला MI London और London Spirit के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला गया।
London Spirit की पारी के दौरान दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने तेज़ी से रन बनाते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। इसी दौरान उन्होंने लॉन्ग-ऑफ की दिशा में बड़ा शॉट खेला, जिसे देखकर लगा कि गेंद आसानी से बाउंड्री पार चली जाएगी। बाउंड्री पर तैनात विल जैक्स ने पहले हवा में छलांग लगाकर गेंद को पकड़ा। संतुलन बिगड़ता देख उन्होंने सूझबूझ से गेंद को मैदान के अंदर उछाल दिया। इसके बाद वह खुद बाउंड्री के बाहर चले गए, लेकिन तुरंत मैदान में लौटे और एक हाथ से डाइव लगाकर कैच पूरा कर लिया। कुछ ही सेकंड में हुई इस शानदार फील्डिंग ने मैदान पर मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों को भी हैरान कर दिया। इस कैच के साथ लुआन-ड्रे प्रिटोरियस की 52 रन की शानदार पारी का अंत हुआ। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए थे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए London Spirit ने 100 गेंदों में 160 रन बनाए। जवाब में MI London ने निकोलस पूरन, सैम करन और सिकंदर रजा की अहम पारियों की बदौलत लक्ष्य 6 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ MI London अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि London Spirit की नॉकआउट की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा विल जैक्स की शानदार फील्डिंग की हो रही है। क्रिकेट प्रेमी उनके इस कैच को टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन कैचों में गिन रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और उनकी फिटनेस, फुर्ती और शानदार फील्डिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं।



