Vinesh Phogat: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने अपना रुख बदलते हुए स्टार पहलवान विनेश फोगाट को एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में 53 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दे दी है. इससे पहले महासंघ उन्हें केवल 50 किलोग्राम वर्ग में खेलने की अनुमति देने पर अड़ा हुआ था.
50 किलोग्राम वर्ग में ट्रायल खेलने का विनेश ने किया विरोध
शनिवार सुबह आधिकारिक वजन-माप के दौरान विवाद तब शुरू हुआ जब विनेश को बताया गया कि वह सिर्फ 50 किलोग्राम वर्ग में ही ट्रायल खेल सकती हैं. WFI का तर्क था कि पेरिस ओलंपिक सहित अपनी पिछली 4 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने 50 किलोग्राम वर्ग में ही हिस्सा लिया था. इस फैसले का विनेश ने कड़ा विरोध किया और आरोप लगाया कि उन्हें अपनी पसंद के भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने से रोका जा रहा है. उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण रवैया बताया. सूत्रों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने हस्तक्षेप किया और मामले का समाधान निकाला.

WFI अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद 53 किलोग्राम वर्ग ट्रायल में मिली एंट्री
संजय सिंह ने कहा कि महासंघ किसी भी खिलाड़ी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहता. उन्होंने बताया कि विनेश ने पहले यह स्पष्ट नहीं किया था कि वह किस भार वर्ग में ट्रायल देना चाहती हैं, लेकिन उनकी आपत्ति के बाद उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में भाग लेने की अनुमति दे दी गई. इसके बाद विनेश का वजन 53.9 किलोग्राम दर्ज किया गया और उन्हें आधिकारिक रूप से 53 किलोग्राम वर्ग के ड्रॉ में शामिल कर लिया गया।
#WATCH दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने पहलवान विनेश फोगट को एशियन गेम्स 2026 के सिलेक्शन ट्रायल में हिस्सा लेने की इजाज़त दी।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 30, 2026
पलवान विनेश फोगट एशियन गेम्स 2026 के सिलेक्शन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए आईजीआई स्टेडियम पहुंचीं। pic.twitter.com/GSO1NmD8P2
53 किलोग्राम वर्ग में मुकाबला काफी रोमांचक
अब इस वर्ग में मुकाबला काफी रोमांचक माना जा रहा है, क्योंकि उनका सामना अनुभवी पहलवान अंतिम पंघाल और युवा प्रतिभा मीनाक्षी गोयत जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वियों से हो सकता है. ट्रायल से पहले मीडिया से बातचीत में विनेश ने संकेत दिया कि उनका प्रतिस्पर्धी करियर अभी खत्म नहीं हुआ है. उन्होंने कहा, ‘मैं यहां कम से कम दो साल और रहने वाली हूं.’ उनके इस बयान से साफ है कि वह आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.

दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI को दिए थे ये निर्देश
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने WFI को निर्देश दिया था कि विनेश को एक प्रतिष्ठित खिलाड़ी के रूप में एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में भाग लेने का अवसर दिया जाए. अब 53 किलोग्राम वर्ग में उनकी मौजूदगी ने ट्रायल को और दिलचस्प बना दिया है. इस वर्ग का विजेता आगामी एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा. ऐसे में विनेश फोगाट के लिए यह ट्रायल उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: ‘मैंने कभी सुरक्षा नहीं मांगी’, हनुमान बेनीवाल बोले-‘मेरे साथ हजारों युवा खड़े हैं’



