Trump Tariff Threat to China: ईरान-अमेरिका वार्ता फेल होने के बाद ट्रंप ने एक बार फिर धमकी देना शुरू कर दिया है. यह धमकी ईरान को नहीं बल्कि चीन को दी गई है. ट्रंप ने कहा है कि अगर चीन ईरान को हथियार सप्लाई करता है तो वह चीन पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चीन ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा क्योंकि उनके चीन के साथ अच्छे संबंध हैं. इसके साथ ही ट्रंप ने कहा है कि चीन अपने जहाज हमारे पास या वेनेजुएला भेज सकता है. हम उन्हें ईरान से भी सस्ता तेल बेच सकते हैं.
ट्रंप का बयान उस खुफिया रिपोर्ट के बाद आया है जिसमें दावा किया गया है कि चीन ईरान को एयर डिफेंस सिस्टम भेजने की तैयारी कर रहा है. ट्रंप ने कहा है कि अगर यह बात सच निकली तो बीजिंग को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
MANPADS एयर डिफेंस सिस्टम देने की तैयारी
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ईरान को MANPADS यानी कंधे पर रखकर चलाए जाने वाले एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम देने की तैयारी में है. ये सिस्टम लो-फ्लाइंग फाइटर जेट्स और ड्रोन को आसानी से निशाना बनाने में सक्षम होते हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन इन हथियारों की सीधी आपूर्ति करने के बजाय किसी तीसरे देश के जरिए सप्लाई कर सकता है, ताकि उसकी सीधी भूमिका सामने न आए.
चीन की तरफ से कही गई ये बात
चीन का दूतावास वॉशिंगटन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि चीन ने किसी भी पक्ष को हथियार नहीं दिए हैं और वह लगातार संघर्ष को खत्म करने की दिशा में प्रयास कर रहा है. चीन ने अमेरिका पर बेबुनियाद आरोप लगाने और हालात को बिगाड़ने का भी आरोप लगाया.



