Rahul Gandhi on TET Paper Leak : नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 स्थगित किए जाने को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार और वसूली का माध्यम बना दिया गया है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है।
देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को वसूली का सिस्टम बना दिया : राहुल गांधी
महाराष्ट्र में रविवार को आयोजित होने वाली टीईटी-2026 परीक्षा को अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस की छापेमारी के दौरान कुछ लोगों के पास ऐसे प्रश्न मिले, जो वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इसे अगले आदेश तक टालने का फैसला लिया गया।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “एक और प्रश्नपत्र लीक, एक और परीक्षा रद्द। इस बार महाराष्ट्र का टीईटी।” उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं के भरोसे को गहरा आघात पहुंचाया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को “वसूली का सिस्टम” बना दिया गया है, जहां मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पेपर लीक की घटना नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य की चोरी है।
कांग्रेस नेता ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग करते हुए कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से लाखों अभ्यर्थियों की वर्षों की मेहनत और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।



