जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में जारी एडहॉक व्यवस्था एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई है। सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने RCA की एडहॉक कमेटी का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। यह लगातार 10वीं बार है जब कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया गया है। सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में किसी तरह की कानूनी शून्यता की स्थिति पैदा न हो। आदेश के अनुसार अब एडहॉक कमेटी को अगले तीन महीनों में RCA की कार्यकारी समिति के चुनाव कराने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
तय समय में चुनाव नहीं करा सकी कमेटी
एडहॉक कमेटी ने 24 जून 2026 को सरकार को भेजे पत्र में बताया था कि निर्धारित समय सीमा के भीतर चुनाव कराना संभव नहीं हो पाया। कमेटी ने इसके पीछे कई कारण बताए हैं। कमेटी के अनुसार, पूर्व RCA कार्यकारिणी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की जांच अभी जारी है। इसके अलावा प्रदेश के कई जिला क्रिकेट संघों से जुड़े विवादों की जांच भी चल रही है। कमेटी का कहना है कि सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही निष्पक्ष और नियमों के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे। इसके साथ ही कमेटी ने बताया कि मौजूदा क्रिकेट सत्र में खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार कराया जा रहा है। कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण भी चुनाव प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी।
मोहित यादव फिर बने कन्वीनर, पुरानी टीम संभालेगी जिम्मेदारी
सरकार ने एडहॉक कमेटी में एक बार फिर मोहित यादव को कन्वीनर की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ धनंजय सिंह, आशीष तिवाड़ी, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल सदस्य के रूप में काम करेंगे। यह कमेटी राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा में रही है। कमेटी के कई सदस्य प्रदेश के प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों से जुड़े हुए हैं।
- मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव के पुत्र हैं।
- धनंजय सिंह स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र हैं।
- आशीष तिवाड़ी भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र हैं।
- अरिष्ट सिंघवी पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पौत्र हैं।
- अर्जुन बेनीवाल भादरा विधायक संजीव बेनीवाल के पुत्र हैं।
- सुशील जैन डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव हैं।
मार्च 2024 से चल रही है एडहॉक व्यवस्था
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में एडहॉक व्यवस्था मार्च 2024 से जारी है। उस समय राज्य सरकार ने तत्कालीन RCA कार्यकारिणी को हटाकर तीन महीने के लिए एडहॉक कमेटी का गठन किया था। कमेटी को चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन तय समय में चुनाव नहीं हो सके। इसके बाद हर तीन महीने में इसका कार्यकाल बढ़ाया जाता रहा।
सितंबर 2026 तक चुनाव कराने की तैयारी
सरकार के नए आदेश के मुताबिक एडहॉक कमेटी को अगले तीन महीने के भीतर RCA के उपनियमों के अनुसार नई कार्यकारी समिति का चुनाव कराना होगा। ऐसे में अब सभी की नजरें सितंबर 2026 तक होने वाले संभावित चुनावों पर टिकी हैं।



