Wednesday, April 8, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessअमेरिका-ईरान युद्धविराम से बाजार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 2700 अंक चढ़ा, निफ्टी...

अमेरिका-ईरान युद्धविराम से बाजार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 2700 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,900 के करीब, निवेशकों में उत्साह

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बन गया। बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 2,775 अंक उछलकर 77,392 और निफ्टी 815 अंक बढ़कर 23,938 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में भी 13 प्रतिशत से अधिक गिरावट आई। इंटरग्लोब एविएशन समेत कई बड़े शेयरों में तेजी रही, जबकि एशियाई बाजार भी मजबूत रहे और होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने से आपूर्ति चिंताएं घटीं।

Share Market Hike Today : मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज गिरावट के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 2,775.73 अंक यानी 3.71 प्रतिशत उछलकर 77,392.31 अंक पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 815.20 अंक या 3.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,938.85 अंक पर कारोबार करता नजर आया।

इन शेयरों में आई जबरदस्त तेजी

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में सबसे अधिक करीब 10 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी सबसे अधिक तेजी दर्ज करने वालों में शामिल रहें। केवल टेक महिंद्रा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों में भी जबरदस्त तेजी

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, जापान के निक्की 225, चीन के एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग में भी काफी तेजी रही। अमेरिकी बाजार मंगलवार को स्थिर बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 13.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.80 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,692.11 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,979.50 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद वह ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को स्थगित करेंगे। इस समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने संकेत दिया कि इस अवधि के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन की अनुमति दी जाएगी जिससे आपूर्ति बाधित होने की चिंताएं कम हो गई हैं।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular