Shibu Soren Death: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने राज्य में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया। सोरेन (81) का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोरेन के निधन की खबर बेहद दुखद है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिबू सोरेन जी के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है। झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तीकरण के लिए उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। अपने सहज व्यक्तित्व और सरल स्वभाव से वे जन-जन से जुड़े। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान…
— Amit Shah (@AmitShah) August 4, 2025
गृह मंत्री ने कहा, उन्होंने (सोरेन ने) झारखंड में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया। अपने सरल व्यक्तित्व और विनम्र स्वभाव से वह आम जनता से जुड़े रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल सोरेन परिवार, उनके प्रशंसकों और समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति, शांति, शांति।
शिबू सोरेन ने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में ली अंतिम सांस
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निधन की जानकारी दी। शिबू सोरेन किडनी संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज करा रहे थे। हेमंत सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए… मैं आज ‘शून्य’ हो गया हूं। शिबू सोरेन लंबे समय से नियमित रूप से अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
हेमंत सोरेन ने 24 जून को बताया था, उन्हें (शिबू सोरेन को) हाल में यहां भर्ती कराया गया था, इसलिए हम उन्हें देखने आए हैं। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है। शिबू सोरेन पिछले 38 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता थे और पार्टी के संस्थापक संरक्षक भी थे।