Monday, March 9, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Update Today : पश्चिम एशिया संकट से बाजार में भूचाल,...

Share Market Update Today : पश्चिम एशिया संकट से बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 1,353 अंक धड़ाम, निफ्टी 422 अंक लुढ़का

Share Market Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,353 अंक का गोता लगा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 422 अंक लुढ़क गया। पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच भारी बिकवाली से बाजार नीचे आया। कारोबारियों के अनुसार, इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी और डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में गिरावट से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई और यह 1,352.74 अंक यानी 1.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,566.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 2,494.35 अंक यानी 3.16 प्रतिशत का गोता लगाकर 76,424.55 अंक पर आ गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 422.40 अंक यानी 1.73 प्रतिशत टूटकर 24,028.05 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 752.65 अंक यानी 3.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,697.80 अंक पर आ गया था।

सेंसेक्स के शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट में सर्वाधिक 5.23 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, इंटरग्लोब एविएशन और अदाणी पोर्ट्स भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 12.34 प्रतिशत चढ़कर 104.1 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण भारतीय शेयर बाजार लगभग तीन प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ खुले और सत्र के अंत में बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में संघर्ष गहराने के साथ कच्चे तेल की कीमत 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गयी और भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इससे मुद्रास्फीति और बाहरी संतुलन को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।” एशिया के अन्य बाजारों दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की नुकसान में रहे। चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी नकारात्मक दायरे में बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 6,030.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने पिछले कारोबार में 6,971.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,097 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 315.45 अंक की गिरावट आई थी।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular