असम (प्रज्ञा पांडे)। असम में आई भीषण बाढ़ ने हजारों परिवारों की जिंदगी प्रभावित कर दी है। कई लोगों के घर तबाह हो गए और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। ऐसे मुश्किल समय में राहत और पुनर्वास के लिए कई लोग आगे आ रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने NGO ग्लोबल सिख्स के साथ मिलकर असम में बेघर हुए लोगों के लिए 500 सेमी-पर्मानेंट घर बनवाने का फैसला लिया है। यह अभियान सिर्फ राहत सामग्री बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य उन परिवारों को दोबारा बसाना है, जिन्होंने बाढ़ में अपना घर और सामान खो दिया।
शिवसागर जिले में तैयार हो रहे हैं घर
रिपोर्ट के अनुसार, असम के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल शिवसागर जिले के नेपाली खुटी गांव में अब तक करीब 220 सेमी-पर्मानेंट घर तैयार किए जा चुके हैं। इन घरों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। इनमें बांस और टिन की छत जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि इन्हें कम समय में बनाया जा सके और जरूरत के हिसाब से टिकाऊ बनाया जा सके। NGO के मुताबिक, एक घर तैयार करने में करीब 35 हजार से 40 हजार रुपये तक का खर्च आता है। संस्था की टीम में करीब 70 स्वयंसेवक लगातार काम कर रहे हैं और एक दिन में लगभग 8 से 10 घर तैयार करने की क्षमता रखती है।
रणदीप हुड्डा लगातार राहत अभियान में सक्रिय
रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता रणदीप हुड्डा पहले से ही असम में राहत कार्यों से जुड़े हुए थे। उन्होंने ही इस अभियान की जानकारी सलमान खान तक पहुंचाई, जिसके बाद सलमान ने भी इस मुहिम में सहयोग करने का फैसला लिया। रणदीप हुड्डा पिछले कई दिनों से प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों तक भोजन और जरूरी सामान पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिवसागर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित परिवारों ने शरण ली है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपदा के समय मानवता सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार मदद के लिए आगे आना चाहिए।
भूमि पेडनेकर भी पहुंचीं प्रभावित इलाकों में
अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की परेशानियां सुनीं और जरूरत का सामान वितरित किया। भूमि ने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित लोगों के साथ खड़ी हैं और राहत कार्यों में सहयोग जारी रखेंगी।
बॉलीवुड सितारों ने की मदद की अपील
असम बाढ़ को लेकर कई बॉलीवुड हस्तियों ने लोगों से मदद के लिए आगे आने की अपील की है। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए इस आपदा की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और प्रभावित परिवारों के लिए सहायता की अपील की।
राहत के साथ पुनर्वास पर जोर
असम बाढ़ के बाद सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित परिवारों को फिर से सुरक्षित जीवन देना है। भोजन और राहत सामग्री के साथ-साथ घरों का निर्माण उन लोगों के लिए नई उम्मीद बन रहा है, जिन्होंने इस आपदा में अपना सब कुछ खो दिया। सलमान खान, रणदीप हुड्डा और भूमि पेडनेकर की पहल यह संदेश देती है कि आपदा के समय मदद सिर्फ जरूरत का सामान पहुंचाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि लोगों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने की कोशिश भी होती है।



